Post Views 221
April 11, 2026
उदयपुर | शादियों में गहने और नकदी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। गैंग के सदस्य शादी समारोहों में मेहमान बनकर शामिल होते थे और मौका मिलते ही कीमती जेवरात व कैश लेकर फरार हो जाते थे। पुलिस ने इस गिरोह के दो शातिर बदमाशों को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विकास और नकुल शामिल हैं, जिन्होंने उदयपुर की एक शादी के रिसेप्शन से करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। यह घटना 11 मार्च 2026 को महाप्रज्ञ विहार स्थित तेरापंथ भवन में हुई थी, जहां दूल्हे के परिवार के सदस्य मेहमानों का स्वागत कर रहे थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाकर बैग से कीमती जेवरात चुरा लिए और फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि यह गिरोह सिर्फ राजस्थान ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश, गुजरात, हरियाणा और आंध्रप्रदेश समेत 5 से अधिक राज्यों में सक्रिय है और अब तक 50 से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के गांवों तक पहुंचकर आरोपियों की पहचान की। SP अमृता दुहन ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने कई दिनों तक गांवों में डेरा डालकर निगरानी की और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन गिरने से उन्हें चोटें आईं। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए अधिकांश सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
एसपी ने यह भी बताया कि दोनों आरोपी बेहद शातिर अपराधी हैं, जो न सिर्फ शादियों में चोरी करते थे बल्कि बैंकों से पैसे लेकर निकलने वाले लोगों को भी निशाना बनाते थे। इनके खिलाफ कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और इनके परिवार के लोग भी पहले पुलिस पर हमले जैसी घटनाओं में शामिल रह चुके हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और गैंग के पूरे सिंडिकेट की जांच की जा रही है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved