Post Views 51
April 10, 2026
जयपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमारको लेकर बड़ा बयान दिया है। जयपुर दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि वे नीतीश कुमार को देश का प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते थे। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के कई नेता भी यही चाहते थे कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री के रूप में ही रिटायर हों।
अखिलेश यादव ने नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य बनने पर तंज कसते हुए कहा कि अब लगता है कि वे राज्यसभा सांसद के रूप में ही रिटायर हो जाएंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ने नीतीश कुमार और उनके समर्थकों के साथ बड़ा धोखा किया है।
चुनाव आयोग और BJP पर भी उठाए सवाल
जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने और आईटी सेल के जरिए वोट प्रभावित करने के आरोप लगाए। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि चुनावी व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं हैं।
विदेश नीति पर भी साधा निशाना
अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की विदेश नीति को लेकर भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश को “विश्व गुरु” बनाने का सपना दिखाया था, लेकिन उस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि अगर प्रधानमंत्री चाहते तो इजराइल दौरे के बाद ईरान का दौरा भी कर सकते थे, जैसा कि पहले पाकिस्तान का दौरा किया गया था।
अखिलेश यादव का यह बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है, खासकर ऐसे समय में जब राष्ट्रीय राजनीति में गठबंधन और नेतृत्व को लेकर नई रणनीतियां बन रही हैं।
Satyam Diagnostic Centre
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved