Post Views 51
February 14, 2026
उदयपुर में नगर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार व्यावसायिक संपत्तियों को सीज कर दिया। इन प्रतिष्ठानों पर नगरीय विकास कर (यूडी टैक्स) लंबे समय से बकाया था। निगम टीम पुलिस बल के साथ बापू बाजार से लेकर प्रताप नगर तक पहुंची और बकायादारों की दुकानों पर ताले जड़ दिए। नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने स्पष्ट कहा कि टैक्स जमा करने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी बकाया नहीं चुकाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
निगम ने जिन संपत्तियों को सीज किया, उनमें शामिल हैं— ‘आनंद राम जी भगवान दास अजंता पिक्चर हाउस’ (बापू बाजार) – ₹6.06 लाख बकाया, ‘गुडविल एंटरप्राइजेज’ (बीएन कॉलेज रोड) – ₹4.65 लाख बकाया, ‘पॉपुलर गैस’ (डोरे नगर सेवाश्रम) – ₹3.62 लाख बकाया, ‘जीके डिस्पोजल’ (प्रताप नगर मेन रोड) – ₹1.72 लाख बकाया.... इन सभी को पहले नोटिस दिए गए थे, लेकिन भुगतान नहीं होने पर निगम ने ताले जड़ दिए और व्यावसायिक गतिविधियां बंद करा दीं।
कार्रवाई का असर तुरंत दिखा। ‘गुडविल एंटरप्राइजेज’ के संचालक ने सीज होने के कुछ ही देर बाद निगम कार्यालय पहुंचकर पूरा बकाया जमा कर दिया। भुगतान होते ही निगम ने दुकान को दोबारा खोलने की अनुमति दे दी। इस दौरान राजस्व निरीक्षक मोहित अग्निहोत्री और विजय जैन सहित भारी पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।
आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे 31 मार्च तक राज्य सरकार द्वारा दी जा रही छूट का लाभ उठाकर अपना बकाया टैक्स जमा करें। चेतावनी दी गई है कि तय समय सीमा के बाद और भी संपत्तियों को सीज किया जाएगा। निगम अब हर वार्ड में बकायादारों की सूची तैयार कर रहा है, ताकि रिकवरी अभियान को और तेज किया जा सके।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved