Post Views 111
February 13, 2026
उदयपुर में देर रात घर में सो रहे एक बुजुर्ग दंपती के साथ बदमाशों ने मारपीट कर लूटपाट की। घटना बुधवार रात करीब 1:30 बजे गोगुंदा थाना क्षेत्र के रावलिया खुर्द गांव में हुई। पीड़िता मोहनी बाई (70) और उनके पति कुशाल सिंह (72) घर में सो रहे थे। इसी दौरान बदमाश घर में घुस आए। बदमाशों ने दंपती के गले पर चाकू रख दिया और आवाज न निकालें इसलिए मुंह दबा दिया। पति का गला दबाते हुए डंडे से मारपीट की गई। महिला की नाक से सोने की नथ जबरन खींच ली गई, जिससे उनकी नाक फट गई और खून बहने लगा। इसके बावजूद बदमाश नहीं रुके। दोनों कानों की बालियां और सिर पर बंधा सोने का बोर भी छीन लिया। पैरों से चांदी के कड़े खोलने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर फरार हो गए।
करीब 4 तोला सोना ले गए
एसआई हितेष कुमार यादव के अनुसार, बदमाश करीब 4 तोला सोना लूटकर ले गए। दंपती का मेडिकल करा दिया गया है। शुक्रवार को एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए जाएंगे। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है। पीड़िता ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटे गए गहनों की बरामदगी की मांग की है।
Satyam Diagnostic Centre
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved