Post Views 31
February 12, 2026
उदयपुर के मीरा कन्या महाविद्यालय (एमजी कॉलेज) में चल रहा विवाद फिर उबाल पर आ गया। कॉलेज के मुख्य गेट पर अचानक ताला जड़ दिया गया और देखते ही देखते कैंपस में हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। मौके पर भीड़ जमा हो गई और हंगामे की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही हाथीपोल थानाधिकारी राजूदेवी पुलिस बल के साथ पहुंचीं। पुलिस ने छात्राओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं मानीं तो दो छात्राओं—दिव्या सालवी और रितिका सालवी—को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। करीब 30 मिनट बाद दोनों को पाबंद कर छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि ये छात्राएं हाल ही में एपीओ किए गए कॉलेज प्रिंसिपल दीपक माहेश्वरी के समर्थन में प्रदर्शन कर रही थीं। उनका आरोप है कि वे केवल रिजल्ट और कैंपस माहौल को लेकर चर्चा करना चाहती थीं, राजनीति नहीं। दिव्या सालवी ने कहा कि उनका किसी भी छात्र संगठन से संबंध नहीं है और गेट पर ताला इसलिए लगाया गया ताकि छात्राएं चर्चा पूरी होने से पहले न जाएं।
पूरे मामले की जड़ एक स्कूटी वितरण कार्यक्रम बताया जा रहा है, जहां प्रिंसिपल और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए प्रिंसिपल को एपीओ कर जयपुर भेज दिया।
इस कार्रवाई के बाद एमजी कॉलेज दो गुटों में बंट गया है। एक पक्ष प्रिंसिपल के समर्थन में है, जबकि दूसरा प्रशासन के फैसले को सही मान रहा है।
फिलहाल कैंपस में माहौल तनावपूर्ण है और सवाल बना हुआ है—क्या यह विवाद यहीं थमेगा या फिर और गहराएगा?
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved