Post Views 01
September 20, 2025
जयपुर। राजस्थान हाई कोर्ट के मौजूदा चीफ जस्टिस केआर श्रीराम 27 सितंबर को रिटायर हो जाएंगे। उनकी नियुक्ति 21 जुलाई 2025 को हुई थी। इस तरह उनका कार्यकाल महज 69 दिन का रहेगा। यह हाई कोर्ट में पिछले 10 साल में नियुक्त 13 चीफ जस्टिस में तीसरा सबसे छोटा कार्यकाल होगा।
इससे पहले 2022 में सीजे रहे एस.एस. शिंदे का कार्यकाल सिर्फ 42 दिन और 2016 में सीजे रहे सतीश कुमार मित्तल का कार्यकाल केवल 40 दिन रहा था। वहीं, पिछले 10 वर्षों में सिर्फ दो चीफ जस्टिस ने अपना पूरा दो साल का कार्यकाल पूरा किया। तीन ने एक साल से ज्यादा समय तक पद संभाला। जबकि जस्टिस एस. रविन्द्र भट्ट का कार्यकाल महज चार महीने 18 दिन का रहा।
कानूनविदों का कहना है कि हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस का कार्यकाल स्थिर और पर्याप्त होना चाहिए, क्योंकि नए जजों की नियुक्ति, उनके रोस्टर का निर्धारण और प्रशासनिक फैसले मुख्य न्यायाधीश के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। बहुत छोटे कार्यकाल की वजह से कई प्रशासनिक और न्यायिक कार्य अधूरे रह जाते हैं। इसलिए, नियमित और लंबी अवधि के लिए नियुक्तियां जरूरी हैं।
© Copyright Horizonhind 2025. All rights reserved