Post Views 51
October 8, 2022
तीर्थ नगरी पुष्कर के राजकीय चिकित्सालय के सामने बने नेहरू उद्यान में असामाजिक तत्वों ने एक बार फिर देश के प्रथम प्रधानमंत्री नेहरू की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। असामाजिक तत्वों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर गोबर ओर कीचड़ फेक दिया । जिसको लेकर कांग्रेस जनों में खासा रोष व्याप्त हो गया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगदीश कुड़िया ने मामले की शिकायत पुष्कर पुलिस से की । जिस पर पुष्कर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलते ही पालिका के सफाई कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जहां पहुंचकर उन्होंने मूर्ति सहित उद्यान की साफ-सफाई शुरू कर दी।
पूर्व में भी हो चुका है मूर्ति तोड़ने का प्रयास
पूर्व में 3 अप्रैल 2021 को मूर्ति तोड़ने का प्रयास किया गया था। इसी दौरान जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर पुष्कर पुलिस ने धीरज पुत्र रमेश और रामदास निवासी पीपली खरखोदा सोनीपत हरियाणा निवासियो को गिरफ्तार किया था। गौरतलब है कि नेहरू उद्यान की स्थापना 1984 में कई गई थी । तभी से कांग्रेस के सभी आयोजनों का मुख्य केंद्र नेहरू उद्यान ही रहता है।
कांग्रेस जनों ने नेहरू उद्यान की बदहाल व्यवस्था पर जताई नाराजगी
वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगदीश कुड़िया ने नेहरू उद्यान की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री के नाम पर बने उद्यान की दुर्दशा नगर पालिका पुष्कर की अनदेखी के कारण हो रही है। कुड़िया ने आरोप लगाया कि पालिका उद्यान में साफ-सफाई तो दूर बरसों से टूटे पड़े गेटो की मरम्मत कराना भी मुनासिब नहीं समझ रही। इसी के चलते आवारा जानवरों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा इस उद्यान में लगा रहता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए जिससे असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved