Post Views 91
July 18, 2022
अजमेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 और 3 पर जीआरपी हेड कांस्टेबल भवानी सिंह, कॉन्स्टेबल मानसिंह, सुमेर चंद और दिनेश महावर ने दौराने गश्त एक व्यक्ति के संदिग्ध आचरण को देखते हुए उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया। जब उसकी तलाशी ली तो उसके बैग से 30 लाख रुपये कीमत की एमडी ड्रग बरामद हुई। इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तोलने पर उसका वजन 300 ग्राम पाया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उससे एमडी ड्रग जप्त कर लिया। पकड़ा गया आरोपी ढोढर पुलिस थाना रिंगनोद तहसील जावरा रतलाम निवासी सद्दाम हुसैन पुत्र जाकिर हुसैन है जिसे सोमवार को अदालत में पेश किया गया । जीआरपी थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय अग्रवाल के आदेश से एसपी शशि डोगरा के निर्देश पर मादक पदार्थ की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान एडिशनल एसपी योगिता मीणा और सीओ नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। जो रेलवे के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे हैं लोगों की धरपकड़ में जुटी है। इसी कड़ी में रविवार को दौराने गश्त जावरा रतलाम निवासी सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर उसके बैग से 30 लाख रुपये की एमडी, साइकॉट्रॉपिक मेथा एम फेटेमाईन ड्रग बरामद की गई है। उसके विरुद्ध 8/ 15 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर पूछताछ के दौरान उसके नेटवर्क की जानकारी हासिल की जा रही है। मामले की जांच जीआरपी चित्तौड़गढ़ उपनिरीक्षक दिलीप सिंह को सौंपी गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved