Post Views 01
November 28, 2026
अजमेर: वरुण सागर रोड चौड़ीकरण को लेकर व्यापारियों में चिंता, स्पष्टता और मुआवजे की मांग।
शैलेश गुप्ता का बयान: चौड़ाई के मानक तय हों, पहले सीआरपीएफ जीसी-2 की दीवार पीछे हो और कम से कम हो नुकसान।
अजमेर में आनासागर चौकी से वरुण सागर तक रोड चौड़ीकरण को लेकर व्यापारियों में असमंजस और चिंता का माहौल है। इस मुद्दे पर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और मानव अधिकार परिषद के प्रदेश अध्यक्ष शैलेश गुप्ता ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए सड़क चौड़ाई, मुआवजे और सरकारी/संस्थानिक जमीनों के अधिग्रहण को लेकर सवाल उठाए हैं।
शैलेश गुप्ता ने आरोप लगाया कि रोड चौड़ीकरण के नाम पर दुकानदारों और वहां रहने वाले परिवारों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि 80, 100 या 120 फीट चौड़ाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और केवल लाल निशान लगाए जाने से व्यापारियों में भय का माहौल है। उन्होंने कचहरी रोड, रेलवे स्टेशन रोड, रिंग रोड और पुष्कर घाटी सुरंग का जिक्र करते हुए कहा कि अतीत में की गई व्यवस्थाओं और घोषणाओं से व्यापार प्रभावित हुआ है। गुप्ता ने मांग की कि सड़क चौड़ीकरण से पहले टेलीफोन एक्सचेंज मामले की तरह सीआरपीएफ जीसी-2 की दीवार या जमीन को पीछे करने की कार्रवाई भी समान रूप से की जानी चाहिए, ताकि सभी पर एक समान नियम लागू हों। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि कम से कम नुकसान के साथ (अधिकतम 80 फीट तक सीमित रखते हुए) सड़क चौड़ी की जाए और प्रभावित व्यापारियों को शीघ्र व उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वे अपना रोजगार जारी रख सकें और यातायात भी सुचारु रहे।बहरहाल प्रशासन की ओर से सड़क चौड़ीकरण की अंतिम रूपरेखा और मुआवजे को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतज़ार है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved