Post Views 01
November 28, 2026
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं सांसद अजय माकन पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ के पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने सपत्नीक पहुंचे अजमेर,अजय माकन का बीजेपी और केजरीवाल पर हमला
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं सांसद अजय माकन शनिवार दोपहर शताब्दी एक्सप्रेस से अजमेर पहुंचे। अजमेर रेलवे स्टेशन पर कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं सहित पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए अजय माकन ने राजस्थान के नगर निकाय चुनावों में कांग्रेस की बढ़त से लेकर दिल्ली के 'शीश महल' विवाद तक, केंद्र, राज्य सरकार और अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। अजमेर रेल्वे स्टेशन पर पत्रकारों से रूबरू होते हुए अजय माकन ने राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजों को जनता की नाराजगी का परिणाम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में होने के बावजूद बीजेपी ने पुलिस और प्रशासन का जमकर दुरुपयोग किया, लेकिन कांग्रेस नेताओं की एकजुटता और जनता के समर्थन ने पार्टी को जीत दिलाई।
माना जाता है कि जिस पार्टी की राज्य सरकार होती है, लोकल बॉडी इलेक्शन में वही जीतता है। राजस्थान ने जो करके दिखाया है, उसका मतलब है कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और राज्य दोनों सरकारों से जनता में बहुत नाराजगी है। इन्होंने पुलिस और प्रशासन का पूरा दुरुपयोग किया, बावजूद इसके जनता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और हमारे सभी नेता एकजुट रहे। चुनाव के दौरान पूर्व मंत्री अशोक चांदना के साथ हुई कथित अभद्रता के सवाल पर भी माकन ने राज्य सरकार को घेरा और इसे सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करार दिया। अजय माकन ने कहा कि सभी तरीके के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। जैसा मैंने कहा, पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग यह सरकार कर रही है।
वहीं, दिल्ली के 'शीश महल' विवाद पर बोलते हुए अजय माकन ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने केजरीवाल के पुराने सहयोगी के बयान का हवाला देते हुए उन्हें 'कॉमन मैन' के बजाय 'कॉन मैन' बताया।
यह विवाद नहीं है, यह सच्चाई है। आज एक बड़े वरिष्ठ वकील और उनके पुराने साथी ने कहा है कि यह 'कॉमन मैन' नहीं हैं, यह 'कॉन मैन' हैं—यानी हेराफेरी के मास्टर और यह बिल्कुल सही है।
अंत में बीजेपी के कामकाज से जुड़े सवाल को टालते हुए माकन ने स्पष्ट किया कि वे और उनकी धर्मपत्नी के साथ कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ के आमंत्रण पर उनके पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अजमेर आए हैं, इसलिए अब वे राजनीति से दूर निजी कार्यक्रम में समय बिताएंगे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved