Post Views 01
November 26, 2026
बाल विवाह उन्मूलन हेतु अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित होने से बाल विवाह मिटाना होगा आसान
राजस्थान: अजमेर: दिनांक 26 नवम्बर 2026: राजस्थान महिला कल्याण मण्डल चाचियावास के द्वारा बाल विवाह उन्मूलन विषय पर आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था निदेशक राकेश कुमार कौशिक तथा सचिव एवं मुख्यकार्यकारी क्षमा आर. कौशिक ने संयुक्त राष्ट्र द्वारा 27 नवम्बर को बाल विवाह, जबरन एवं कम उम्र में विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित करने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह दिवस बाल अधिकारों की रक्षा, बच्चों के सुरक्षित भविष्य तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के प्रति वैश्विक प्रतिबद्धता को और अधिक सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा 27 नवम्बर 2024 को देशव्यापी ’बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ का शुभारंभ किया गया था। इसी दिशा में राजस्थान महिला कल्याण मण्डल द्वारा देशव्यापी संगठन जस्ट राइट्स फाॅर चिल्ड्रन की सहयोगी संस्था के रूप में जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पिछले चार वर्षों से अजमेर सहित राजस्थान के 9 जिलों में बाल विवाह की रोकथाम, जनजागररूकता एवं सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जस्ट राइटस फाॅर चिल्ड्रन के संस्थापक भुवन रिभु ने अपनी आवाज को संयुक्त राष्ट्र तक पहॅुचाते हुए 27 नवम्बर को बाल विवाह, जबरन एवं कम उम्र में विवाह के उन्मूलन में प्रमुख भूमिका का निर्वाह किया है।
कौशिक दम्पत्ति क्षमा एवं राकेश ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस दिवस की घोषणा से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को नई गति एवं मजबूती मिलने के साथ ही समाज के प्रत्येक वर्ग तक इस महत्वपूर्ण संदेश को पहुंचाने का अवसर प्राप्त होगा। राजस्थान महिला कल्याण मण्डल के द्वारा भी बाल विवाह मुक्त भारत के अभियान के समर्थन में जिला प्रशासन, बाल अधिकारिता विभाग, महिला अधिकारिता विभाग आदि के साथ समन्वयन से 27 नवम्बर 2026 से 8 मार्च 2027 तक 100 दिवसीय विशेष अभियान के तहत बाल विवाह मुक्ति रथ, जागरूकता कार्यशालाएं, बाल विवाह के विरूद्ध शपथ कार्यक्रम, रैली, पेम्पलेट, पोस्टर आदि के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम एवं जागरूकता के हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
उपनिदेशक नानूलाल प्रजापति ने बताया कि जस्ट् राइट्स फाॅर चिल्ड्रन सम्पूर्ण भारत वर्ष में अपनी सहयोगी संस्थाओं के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम एवं जागरूकता के लिए कार्यरत है। राजस्थान महिला कल्याण मण्डल के द्वारा जेआरसी की पार्टनर संस्था के रूप में राजस्थान के 9 जिलों अजमेर, नागौर, डीडवाना-कुचामन, बीकानेर, चुरू, झुन्झुनु, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ एवं भरतपुर में सतत् कार्य किया जा रहा है। पिछले चार वर्षाें में संस्था द्वारा 12 लाख से अधिक लोगों को बाल विवाह के विरूद्ध शपथ दिलाई गई है तथा समुदाय में बाल विवाह प्रतिषेध कानून की जानकारी देकर वचन पत्र के माध्यम दस हजार से भी अधिक संभावित बाल विवाहोें को रोका गया है। 47 मामलो में पुलिस एवं प्रशासन के साथ मिलकर परिजनो को बाल विवाह नही करने के लिए पाबंद किया तथा दो मुकदमे भी दर्ज करवाए गए है। प्रेस वार्ता के दौरान निदेशक राकेश कुमार कौशिक एवं मुख्यकार्यकारी क्षमा आर कौशिक ने सभी हितभागियों, जनप्रतिनिधियों, सम्बन्धित विभागों, मीडिया कर्मियों आदि को बाल विवाह उन्मूलन की दिशा में संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों, सहयोग एवं समन्वयन के साथ भागीदारी सुनिश्चित करते हुए बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को साकार करने के लिए योगदान देने की अपील की है। प्रेस वार्ता में जिला समन्वयक दीपक जोरम व कार्यकर्ता राहुल गुर्जर का सहयोग रहा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved