Post Views 131
November 26, 2026
अनिल वनवानी/उदयपुर। हिस्ट्रीशीटर के साथ दोस्ती और घूमने-फिरने की तस्वीरें सामने आने के बाद उदयपुर पुलिस में कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है। सायरा थाने के एएसआई सहित 5 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बुधवार रात कार्रवाई के आदेश जारी किए। हालांकि, मामले में तत्कालीन थानाधिकारी पर कार्रवाई नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लाइन हाजिर किए गए पुलिसकर्मियों में एएसआई राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल नरपतराम, गुमान सिंह, धर्मेन्द्र कुमार और लोकेन्द्र सिंह शामिल हैं। इन सभी पर हिस्ट्रीशीटर भंवरसिंह के साथ मेलजोल रखने और दमनदीव घूमने के आरोप हैं।
विदाई समारोह में थाने पहुंचा था हिस्ट्रीशीटर : मामले में तत्कालीन थानाधिकारी शैतानसिंह को लेकर भी चर्चा तेज है। करीब दो महीने पहले ट्रांसफर होने के बाद उनके विदाई समारोह में हिस्ट्रीशीटर भंवरसिंह थाने पहुंचा था। इस दौरान उसने थानाधिकारी को श्रीनाथजी की तस्वीर भेंट की थी। समारोह का फोटो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों और हिस्ट्रीशीटर के संबंधों को लेकर सवाल उठने लगे थे, लेकिन तत्कालीन सीआई पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।
पहले एक कांस्टेबल, फिर सामने आए अन्य पुलिसकर्मियों के फोटो : दीपावली से पहले कांस्टेबल रूपाराम टेलर का हिस्ट्रीशीटर के साथ फोटो सामने आया था। इसके बाद 14 नवंबर को उसे लाइन हाजिर कर दिया गया। कुछ दिन बाद अन्य पुलिसकर्मियों के फोटो और वीडियो भी सामने आने लगे, जिसमें वे हिस्ट्रीशीटर के साथ नजर आ रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. अमृता दुहन ने जांच गिर्वा डीएसपी छगन राजपुरोहित को सौंपी थी। डीएसपी की जांच रिपोर्ट के बाद एएसआई सहित पांच पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई।
दमनदीव में समुद्र किनारे घूमते दिखे पुलिसकर्मी : सामने आए फोटो और वीडियो में एएसआई राजेन्द्र सिंह सहित अन्य कांस्टेबल हिस्ट्रीशीटर भंवरसिंह के साथ दमनदीव में समुद्र किनारे घूमते नजर आ रहे हैं। पुलिसकर्मियों ने सफाई दी थी कि वे अगस्त 2026 में किसी मामले के आरोपियों को पकड़ने के लिए दमनदीव गए थे और उस दौरान समुद्र किनारे घूमने भी गए थे। हालांकि, हिस्ट्रीशीटर के साथ होने की बात से उन्होंने इनकार किया था। लेकिन सामने आए फोटो में कांस्टेबल धर्मेन्द्र सिंह हिस्ट्रीशीटर के कंधे पर हाथ रखे नजर आ रहा है, जबकि वीडियो में एएसआई राजेन्द्र सिंह और कांस्टेबल नरपतराम व लोकेन्द्र भी दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों और वीडियो के सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों के हिस्ट्रीशीटर से कथित संबंधों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे। अब जांच के बाद पांच पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved