Post Views 01
November 19, 2026
अजमेर संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में इको जांच की लंबी तारीखों पर सवाल
अजमेर में हार्ट से जुड़े मरीजों को इको जांच के लिए लंबी तारीखें मिलने का मामला सामने आया है। पूर्व भाजपा खेलकूद प्रकोष्ठ प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवदत्त पाराशर ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मामले की जांच कर मरीजों को तुरंत राहत देने की मांग की है।
शिवदत्त पाराशर ने मीडिया को बताया कि उनकी 80 वर्षीय सासु मां सुशीला, निवासी नया बाजार घास कटला को पिछली रात करीब 2 बजे कार्डियक समस्या हुई थी, जिसके बाद उन्हें इमरजेंसी में लाया गया। इमरजेंसी में ईसीजी के बाद सुबह कार्डियोलॉजी विभाग में दिखाया गया और इको जांच के लिए रूम नंबर 8 में भेजा गया, जहां कथित तौर पर 16 दिसंबर की तारीख दी गई। पाराशर ने कहा कि हार्ट का मामला बेहद संवेदनशील होता है और इमरजेंसी के बाद 80 वर्षीय बुजुर्ग मरीज को इतनी लंबी तारीख देना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने पटेल स्टेडियम में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के प्रस्ताव का हवाला देते हुए कहा कि उस समय कार्डियोलॉजी विभाग और भीड़ के कारण संभावित खतरे का तर्क दिया गया था, ऐसे में हार्ट के मरीजों की जांच में देरी समझ से परे है। उन्होंने सवाल उठाया कि 15 से 30 दिन बाद की तारीखें क्यों दी जा रही हैं और क्या इसमें कोई घालमेल या निजी एजेंसियों को लाभ पहुंचाने की स्थिति है। उन्होंने अजमेर की जनता से जागरूक होने और जनप्रतिनिधियों से इस मामले की जांच करवाकर राहत दिलाने की अपील की है। फिलहाल इस मामले में अस्पताल प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। देखना होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved