Post Views 01
November 18, 2026
अजमेर में दरगाह क्षेत्र में सक्रिय मोबाइल चोर गिरोह पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 आरोपी गिरफ्तार; 25 महंगे मोबाइल बरामद
अजमेर दरगाह क्षेत्र में जायरीनों और आम लोगों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ अजमेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। दरगाह थाना पुलिस की गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मोबाइल चोरी की वारदातों में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 6 लाख रुपये कीमत के 25 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शहर में लगातार हो रही चोरी, नकबजनी और लूट की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही होटल संचालकों से संपर्क कर संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई और तकनीकी सहायता से निगरानी की गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 17 नवंबर 2026 को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 25 मोबाइल फोन बरामद किए। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद आमिर, मोहम्मद जाहिद, फरहान खान, शेख फरहान आलम और मोहम्मद शाहिद शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में दरगाह थाने में प्रकरण संख्या 169/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 112(2) में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है। मोबाइल चोरी की अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े दूसरे सदस्यों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से दरगाह क्षेत्र में जायरीनों के मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved