Post Views 01
November 18, 2026
पुष्कर सरोवर पर दीपदान, महाआरती और अन्नकूट में उमड़े श्रद्धालु, सवा लाख दीपों से रोशन पुष्कर सरोवर के 52 घाट,
ब्रह्म घाट पर बांटा 2100 किलो अन्नकूट; महाआरती में उमड़े श्रद्धालु, सिविल डिफेंस ने पांच यात्रियों को डूबने से बचाया
अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले के शुभारंभ पर मंगलवार शाम पुष्कर सरोवर के 52 घाट सवा लाख दीपों से जगमगा उठे। जिला प्रशासन और नगर परिषद की ओर से आयोजित दीपदान महोत्सव में श्रद्धालुओं, पर्यटकों, स्कूली विद्यार्थियों, सामाजिक संस्थाओं और तीर्थ पुरोहितों ने भाग लिया। घाटों पर सजी दीपों की कतारों और महाआरती ने श्रद्धालुओं को आकर्षित किया।आयोजन की तैयारियां दोपहर से शुरू हो गई थीं। विद्यार्थियों और विभिन्न संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने घाटों पर रंगोलियां बनाईं तथा धार्मिक झांकियां सजाईं। शाम साढ़े पांच बजे सरोवर के अभिषेक के साथ दीपदान शुरू हुआ। विदेशी पर्यटकों ने भी दीप जलाए और इन पलों को कैमरों में कैद किया।मुख्य कार्यक्रम जयपुर घाट पर हुआ। कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने सरोवर का अभिषेक किया। इसके बाद पंडित चंद्रशेखर गौड़ के सान्निध्य में पांच मंचों से एक साथ महाआरती की गई। ब्रह्म घाट, गऊ घाट, बद्री घाट और वराह घाट सहित सात प्रमुख घाटों पर महाआरती हुई। आरती के बाद आतिशबाजी की गई। कार्यक्रम में कलेक्टर लोकबंधु, एसपी हर्षवर्धन अग्रवाला सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में श्री तीर्थगुरु पुष्कर पुरोहित संघ ट्रस्ट की ओर से ब्रह्म घाट पर अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया गया। भगवान गिरिराज धरण की झांकी सजाकर पुष्करराज एवं गिरिराज धरण को छप्पन भोग अर्पित किए गए। श्रद्धालुओं में 56 प्रकार के व्यंजनों से तैयार 2100 किलो अन्नकूट प्रसाद वितरित किया गया। इससे पहले वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सरोवर का पूजन और दुग्धाभिषेक हुआ। पंडित महेंद्र पाराशर ने महाआरती संपन्न कराई।हनुमान गली स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भी अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। भगवान का गोप-ग्वाला स्वरूप में श्रृंगार किया गया। शाम पांच बजे पुजारी पंडित श्यामसुंदर पाराशर ने महाआरती की। इसके बाद श्रद्धालुओं को अन्नकूट महाप्रसाद बांटा गया।इधर, सरोवर के विभिन्न घाटों पर सिविल डिफेंस टीम ने मंगलवार को डूब रहे पांच यात्रियों की जान बचाई। घाटों पर फिसलकर घायल और बेहोश हुए दो श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया गया। टीम प्रभारी किशन गोपाल जाट के अनुसार, जवानों ने अलग-अलग घाटों पर तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य किए। अन्य घायल श्रद्धालुओं को भी मौके पर प्राथमिक उपचार देकर एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved