Post Views 01
October 9, 2026
अजमेर: चाय विक्रेता पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद
अजमेर। अजमेर के रामप्रसाद घाट पर मामूली कहासुनी के बाद चाय विक्रेता पर चाकू से हमला करने के मामले में गंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गंज थाना के सहायक उपनिरीक्षक गणपत लाल के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 की शाम रामप्रसाद घाट पर मछली पकड़ने की बात को लेकर चाय विक्रेता और फुटपाथ पर रहने वाले एक व्यक्ति के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर व्यक्ति ने चाय विक्रेता पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। आनासागर चौपाटी और आसपास के फुटपाथ क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान मोहम्मद जीवन निवासी 24 परगना, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई।पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास कोई पहचान दस्तावेज नहीं मिला। उसके आपराधिक रिकॉर्ड और पहचान का सत्यापन करने के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस को सूचना भेजी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved