Post Views 01
October 9, 2026
अजमेर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व चिकित्सालय परिसर में राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन द्वारा प्रदर्शन,
6 महीने से वेतन न मिलने पर नर्सेज कर्मियों का फूटा गुस्सा, JLN मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन, कार्य बहिष्कार की दी चेतावनी
अजमेर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज तथा इससे संबद्ध सेटेलाइट और जनाना अस्पताल में कार्यरत नर्सेज कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब दे चुका है। राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के बैनर तले नर्सेज कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया को ज्ञापन सौंपा है।
कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 6 महीनों से एम्पलाई आईडी (Employee ID) न बनने के कारण राजमेस (RajMES) और एनएचएम (NHM) के तहत कार्यरत कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है। आगामी दीपावली के बड़े त्योहार से ठीक पहले वेतन न मिलने से कर्मचारियों के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कर्मचारियों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन की घोर लापरवाही के कारण बीते छह महीनों से उनकी एम्पलाई आईडी जारी नहीं की गई है, जिससे उनका वेतन अटका हुआ है।
वेतन के अलावा, महिला कर्मचारियों के लिए बाल देखभाल अवकाश (CCL) में अनावश्यक कटौती करने और समय पर छुट्टियां न देने के भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसके साथ ही, कर्मचारियों का पीएल सरेंडर (PL Surrender) भुगतान पिछले छह महीने से एक साल तक से अटका हुआ है। वर्दी भत्ता, वेतन विसंगतियां और समय पर एसीपी (ACP) न लगना जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं।
अस्पताल प्रशासन को पहले भी कई बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं और व्यक्तिगत रूप से भी मुलाकात की गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन, जिला शाखा अजमेर के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष, गंगाशरण जाटव ने बताया कि JLN मेडिकल कॉलेज, सेटेलाइट और जनाना अस्पताल में राजमेस और NHM के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों की लगभग 6 माह से एम्पलाई आईडी नहीं बनी है, जिससे उनका वेतन आहरित नहीं हो पा रहा है। हिंदुओं का सबसे बड़ा पर्व दीपावली आने वाला है और कर्मचारियों को वेतन तक नहीं मिल रहा है। इसके अलावा, हमारी महिला कार्मिकों को सीसीएल (CCL) में अनावश्यक कटौती का सामना करना पड़ रहा है, पीएल सरेंडर के पैसे रुके पड़े हैं, वेतन विसंगतियां दूर नहीं हो रही हैं और एसीपी टाइम पर नहीं लग रही है। आज हमने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया को ज्ञापन दिया है। यदि हमारी मांगें अतिशीघ्र पूरी नहीं की गईं, तो नर्सेज एसोसिएशन ईंट से ईंट बजा देगी और गेट मीटिंग व कार्य बहिष्कार करने पर मजबूर होगी।जिसकी पूरी जिम्मेदारी चिकित्सालय प्रशासन की होगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved