Post Views 01
October 9, 2026
घूघरा गांव में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, 11-12 लाख के जेवर-नकदी पार; मुख्य सड़क पर वारदात से सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
अजमेर के घूघरा गांव में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। खेत में मजदूरी करने गया परिवार जब वापस लौटा, तो घर के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। अज्ञात चोर घर में रखे करीब 11 से 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। हैरानी की बात ये है कि चोरों ने उस मकान को निशाना बनाया, जो घूघरा गांव की मुख्य सड़क पर स्थित है और जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। पीड़ित संतोष ओर ग्राम साथिन सीमा गुर्जर का आरोप है कि करीब एक महीने पहले पड़ोस के मकान में भी लाखों रुपये के जेवर चोरी हुए थे। अब उसी इलाके में दोबारा चोरी की वारदात ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पति की मौत के बाद मजदूरी कर अपनी दो बेटियों का पालन-पोषण कर रही महिला की जिंदगी भर की जमा पूंजी चोरी हो गई। वारदात के बाद महिला का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची है और चोरों की तलाश में जुट गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved