Post Views 01
October 7, 2026
अजमेर के JLN अस्पताल लाया गया गैंगस्टर सचिन थापन। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कुख्यात सदस्य है सचिन थापन।
3 दिनों से भूख हड़ताल पर था थापन, तबीयत बिगड़ने पर लाया गया अस्पताल।JLN अस्पताल बना छावनी, चप्पे-चप्पे पर हथियारबंद जवान तैनात।
अजमेर से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सक्रिय सदस्य गैंगस्टर सचिन थापन की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच अजमेर के जवाहर लाल नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक, सचिन थापन पिछले 3 दिनों से जेल में भूख हड़ताल पर था। लगातार अनशन के कारण उसकी शारीरिक हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने का फैसला किया। गैंगस्टर सचिन थापन के अस्पताल पहुंचते ही पूरा JLN अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने अस्पताल के चारों तरफ त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बना दिया है। अस्पताल के मुख्य दरवाजों से लेकर इमरजेंसी और वार्ड कॉरिडोर तक हथियारबंद जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। हर आने-जाने वाले व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है और पूरे इलाके में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा है। तस्वीरें साफ़ बता रही हैं कि सुरक्षा के कितने कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने और हाई-प्रोफाइल बैकग्राउंड के कारण पुलिस कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। डॉक्टरों की एक विशेष टीम सचिन थापन की सेहत पर लगातार नज़र बनाए हुए है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार डिहाइड्रेशन और कमजोरी के चलते उसकी हालत बिगड़ी थी। फिलहाल इलाज जारी है और जब तक डॉक्टर उसे फिट घोषित नहीं करते, वह इसी कड़ी सुरक्षा घेरे में अस्पताल में ही भर्ती रहेगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved