Post Views 01
October 5, 2026
शादी के 5 दिन बाद ही कैश व सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हुई 'लुटेरी दुल्हन, कृष्ण गंज थाना पुलिस ने दर्ज नहीं की शिकायत
लुटेरी दुल्हन और बिचौलिये के खिलाफ पीड़ित ने एसपी को शिकायत देकर कार्यवाही की कि मांग
अजमेर में शादी के नाम पर धोखाधड़ी और ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ एक पीड़ित युवक ने 'लुटेरी दुल्हन' और दलाल महिला के खिलाफ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि उससे शादी कराने के नाम पर ढाई लाख रुपये वसूले गए और शादी के महज कुछ ही दिनों बाद दुल्हन घर में रखे कैश और सोने-चांदी के गहने समेटकर फरार हो गई। पीड़ित संजय मेघवंशी ने बताया कि उसकी मुलाकात कोटड़ा के ज्ञान विहार निवासी मंजू माली नाम की महिला से हुई थी। मंजू ने शादी कराने के एवज में ढाई लाख रुपये की मांग रखी। उसने संजय को 3-4 लड़कियाँ दिखाईं, जिनमें से संजय ने महाराष्ट्र की रहने वाली प्रतीक्षा चारवे को पसंद कर लिया। संजय ने 31 हजार रुपये ऑनलाइन और 2 लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद 27 अगस्त को अजमेर में वैशाली नगर स्थित सेवन वंडर्स के पास कृष्णा मंदिर में दोनों का विवाह संपन्न कराया गया। लेकिन शादी के महज 4-5 दिन बाद ही घर में कलह शुरू हो गई और मौका मिलते ही दुल्हन घर से रफूचक्कर हो गई।
पीड़ित संजय मेघवंशी - मेरी मुलाकात मंजू देवी से हुई थी। शादी के लिए उसने ढाई लाख रुपये मांगे थे। मैंने 31 हजार रुपये ऑनलाइन और 2 लाख रुपये कैश दिए थे। 27 अगस्त को कृष्णा मंदिर में हमारी शादी हुई थी। शादी के 4-5 दिन बाद ही वह झगड़ा करने लगी और 1 तारीख को घर से ₹20,000 नकद, सोने का मंगलसूत्र, कान के टॉप्स और चांदी की बिछिया लेकर भाग गई। अब वे लोग मुझसे और पैसों की मांग कर रहे हैं। मैं एसपी ऑफिस में न्याय और अपने पैसे वापस पाने के लिए आया हूँ।
पीड़ित युवक ने एसपी ऑफिस में ज्ञापन देकर आरोपी दुल्हन प्रतीक्षा और बिचौलिया महिला मंजू माली के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी गाढ़ी कमाई का पैसा वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस अब इस मामले की जाँच में जुट गई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved