Post Views 21
October 5, 2026
छत पर सो रहे परिवार को ताला लगाकर बंधक बनाया, लाखों के गहने और नकदी लेकर चोर फरार
शहर में बेखौफ चोरों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ताजा मामले में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए छत पर सो रहे परिवार को बाहर से ताला लगाकर बंधक बना दिया और घर के अंदर रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह पड़ोसियों द्वारा उठाए जाने पर पीड़िता परिवार को चोरी की भनक लगी। सूचना मिलते ही दरगाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।घटना देर रात की है, जब पन्नी ग्राम चौक में रहने वाली पीड़िता रेहाना का परिवार रात करीब 2 बजे छत पर सोने गया था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश किया और कमरों के ताले तोड़ डाले। चोरों ने अलमारी में रखे करीब 3 से 4 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने (चैन, अंगूठी, टॉप्स) और 10 हजार रुपये की नकदी साफ कर दी। चोरी करने के बाद शातिर चोरों ने छत पर जाने वाले दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया ताकि परिवार नीचे न आ सके।
पीड़िता रेहाना ने बताया कि रात को 2 बजे हम छत पर सो रहे थे। सुबह 10 बजे जब उठे, तो देखा कि ताले टूटे हुए थे। हमारे करीब 3-4 लाख के जेवर और 10 हजार रुपये कैश चोरी हो गए। चोरों ने बाहर से ताला लगा दिया था, हमें लगता है कि उन्होंने कुछ सुंघा दिया था, जिससे हमारी आंख सुबह 10 बजे तक नहीं खुली। पड़ोसन ने आकर हमें जगाया, तब पता चला।
पीड़िता का आरोप है कि चोरों ने किसी नशीले पदार्थ का छिड़काव किया था, जिसकी वजह से वे सुबह 10 बजे तक बेसुध सोती रहीं। सुबह पड़ोसन के आवाज देने पर उनकी नींद खुली। पीड़ित परिवार ने तुरंत कंट्रोल रूम और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे मामले की शिकायत एसपी से करेंगे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved