Post Views 01
October 3, 2026
राजनीतिक पार्टी के खाते का इस्तेमाल कर लाखों की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार!
₹16 लाख से अधिक की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता।मित्र का खाता फ्रीज होने पर खुला साइबर फ्रॉड का राज।
सिविल लाइंस थाना पुलिस द्वारा अदालत के जरिए मिले इस्तगासे पर दर्ज एक बड़े धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लाडपुरा के रहने वाले आरोपी 23 वर्षीय दीपेंद्र सिंह उर्फ दीपू को पुलिस ने ₹16,16,500 के साइबर फ्रॉड मामले में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने ही गांव के निवासी के राजनीतिक खाते का फायदा उठाकर लाखों रुपए का फ्रॉड ट्रांजैक्शन करवाया और खुद पैसे निकाल लिए। जब पीड़ित का बैंक खाता फ्रीज हुआ, तब इस पूरे मामले का भंडाफोड़ हुआ।सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया कि मामला 6 मार्च 2024 का है, जब परिवादी मुकेश रावत ने अदालत के माध्यम से मामला दर्ज कराया था। परिवादी ने आरोप लगाया कि उसके गांव लाडपुरा के ही रहने वाले दीपेंद्र उर्फ दीपू ने धोखाधड़ी कर उसके खाते में ₹16,16,500 रुपए डलवाए।
आरोपी दीपेंद्र ने पीड़ित को झांसा दिया कि यह राशि उसके किसी परिचित ने भेजी है और राजनीतिक पार्टी 'अखिल भारतीय राजनीतिक पार्टी' के फंड के नाम पर आए पैसे बताकर परिवादी से सेल्फ चेक बनवाकर पूरी राशि निकाल ली। जब पीड़ित का बैंक खाता साइबर जांच के कारण फ्रीज हो गया, तब पीड़ित को अहसास हुआ कि उसके साथ बड़ा धोखा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपेंद्र को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि फ्रॉड की यह रकम कहां से आई थी और आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड क्या है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और फ्रॉड के अन्य तारों की गहनता से पड़ताल कर रही है। इस तरह की साइबर ठगी से बचने के लिए अपने बैंक खातों का इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति को न करने दें और सतर्क रहें।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved