Post Views 31
October 2, 2026
दूदू नगर पालिका में गांधी जयंती कार्यक्रम के दौरान हंगामा
जनता की मौजूदगी को लेकर ईओ और उपाध्यक्ष में नोकझोंक, पार्षदों ने भी जताई नाराजगी
गांधी जयंती के अवसर पर दूदू नगर पालिका में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उस समय हंगामा हो गया, जब नगर पालिका परिसर में आमजन भी पहुंचकर कार्यक्रम देखने के लिए कुर्सियों पर बैठ गए। कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए बुलाया गया था।
बताया गया कि जनता की मौजूदगी को लेकर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी मोनिका सोलंकी ने उपाध्यक्ष आरिफ शेख से पूछा कि जनता को यहां किसने बुलाया है, यह जनता का कार्यक्रम नहीं है इस पर उपाध्यक्ष ने जवाब देते हुए कहा कि यह सरकार का कार्यक्रम है और इसमें सभी लोग शामिल हो सकते हैं। इसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
मामला यहीं नहीं थमा। कार्यक्रम में माइक लगाए जाने को लेकर अधिशासी अधिकारी और पार्षदों के बीच भी कहासुनी हो गई। इससे कुछ समय के लिए नगर पालिका परिसर में माहौल गरमा गया। बाद में मामला शांत हुआ।घटना के दौरान मौजूद लोगों ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारी के बीच हुई इस नोकझोंक को लेकर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि महात्मा गांधी जयंती जैसे गरिमामय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच इस तरह की सार्वजनिक कहासुनी उचित नहीं है।घटना के बाद नगर पालिका परिसर में काफी देर तक इसी मामले को लेकर चर्चा होती रही।
Satyam Diagnostic Centre
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved