Post Views 01
September 28, 2026
तीर्थगुरु पुष्कर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के संकल्प के साथ आज पवित्र पुष्कर सरोवर के नगर पालिका घाट से विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। नवनिर्वाचित सभापति श्री राजेंद्र बाकोलिया एवं उपसभापति श्रीमती लक्ष्मी पाराशर के नेतृत्व में नवनिर्वाचित पार्षदों, नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने घाट पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर सभापति श्री राजेंद्र बाकोलिया ने पुष्करवासियों से अपील करते हुए कहा कि पुष्कर केवल हमारा नगर नहीं, बल्कि देश-दुनिया के श्रद्धालुओं की आस्था का पवित्र तीर्थ है। इसे स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से अपने आसपास गंदगी नहीं फैलाने, नगर परिषद का सहयोग करने तथा स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पुष्कर सरोवर के 52 घाटों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही पॉलिथीन के उपयोग से बचने और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाएगा। नगर परिषद द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने के साथ-साथ आमजन की भागीदारी से इस अभियान को जन-अभियान का रूप दिया जाएगा।
उपसभापति श्रीमती लक्ष्मी पाराशर ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर परिषद की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पुष्कर के प्रत्येक नागरिक, दुकानदार, श्रद्धालु और सामाजिक संगठन की भी जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से ही पुष्कर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर पार्षद नरेंद्र पाराशर, विष्णु सेन, मोहित पाराशर, पुष्कर नारायण भाटी, शरपत सिंह रावत, मुकेश कुमावत, धर्मेंद्र नागौरा, हरिशंकर चौहान, पार्षद प्रतिनिधि संदीप पाराशर, कमल रामावत सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं नगर परिषद के सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्वच्छता अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं सफाई कर्मचारियों द्वारा घाटों पर श्रमदान कर सफाई की गई। इस पहल को स्थानीय नागरिकों द्वारा भी सराहा गया।
नगर परिषद की ओर से पुष्करवासियों से विशेष अपील की गई कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें, पॉलिथीन का उपयोग न करें, सरोवर एवं घाटों की पवित्रता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की गंदगी न फैलाएं।
स्वच्छ पुष्कर केवल नगर परिषद का अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है। आइए, मिलकर अपने तीर्थगुरु पुष्कर को स्वच्छ, सुंदर और निर्मल बनाने में सहभागी बनें।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved