Post Views 01
September 27, 2026
मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व शिविर में युवाओं ने सीखा स्वस्थ जीवन का महत्व
मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और नशे से बचाव पर विशेषज्ञों ने किया जागरूक
अजमेर, 27 सितम्बर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (माय भारत) अजमेर द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत ' अभियान के अंतर्गत रविवार को युवा आवास अजमेर में ‘My Health, My Pride’ स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवा मंडल सदस्यों की स्वास्थ्य जांच के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच, स्क्रीनिंग एवं BMI सहित विभिन्न स्वास्थ्य मापदंडों की जांच की गई। चिकित्सा विशेषज्ञों ने युवाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में डॉ. पार्थ सिंह मीना, प्रोफेसर जे.एल.एन. मेडिकल कॉलेज अजमेर एवं नोडल अधिकारी, राजस्थान मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम अजमेर ने युवाओं को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने डिप्रेशन के प्रारंभिक लक्षणों को पहचानने, युवाओं में तनाव के प्रमुख कारणों तथा तनाव से प्रभावी ढंग से निपटने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने युवा मंडल सदस्यों एवं स्वयंसेवकों को अपने साथियों के बीच पीयर एजुकेटर के रूप में कार्य करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
श्री आशीष पाराशर, साइकियाट्री केयर नर्सिंग द्वारा भी मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
100 सप्ताह/100 रविवार तक चलेगा जन-जागरूकता अभियान
जिला युवा अधिकारी श्री जयेश मीना द्वारा बताया गया कि ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान तहत जागरूकता अभियान 100 सप्ताह तक निरंतर चलाया जाएगा। अभियान के प्रथम चरण में ‘मेरा स्वास्थ्य, मेरा गर्व’, इसके बाद ‘फिट युवा’, ‘नशा-मुक्त युवा’ एवं ‘जीवन कौशल माह’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस, नशा मुक्ति और जीवन कौशल से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम में महाराणा प्रताप युवा मंडल की अध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा, सदस्य लोकेन्द्र, केशव, पुखराज, जगदीश, मानसी, ऋषभ तथा वीर शिवाजी युवा मंडल से मृगेश, सारा, दीपशिखा सहित माय भारत अजमेर स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता की।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved