Post Views 81
September 27, 2026
निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए 28 सितंबर को जयपुर में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन
अजमेर से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन होंगे शामिल, तैयारियों को लेकर कांग्रेस कार्यालय में हुई आवश्यक बैठक 50 कारों से 300 से ज्यादा कांग्रेसी जयपुर निर्वाचन कार्यालय का करेंगे घेराव: डॉ. राजकुमार जयपाल
अजमेर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 28 सितंबर 2026, सोमवार को जयपुर स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय के बाहर आयोजित होने वाले विरोध प्रदर्शन को लेकर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदर्शन में अजमेर शहर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, नवनिर्वाचित पार्षद, पार्षद प्रत्याशी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे।अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय निर्वाचन व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। चुनाव प्रक्रिया, मतदाता सूचियों, परिसीमन एवं निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े जिन सवालों को कांग्रेस प्रदेश स्तर पर उठा रही है, उनका स्पष्ट एवं पारदर्शी समाधान होना चाहिए।उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 28 सितंबर को जयपुर में होने वाला प्रदर्शन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का कार्यक्रम है। कांग्रेसजन शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचन व्यवस्था से जुड़े अपने सवालों और मांगों को निर्वाचन आयोग के समक्ष रखेंगे।
अजमेर से बड़ी संख्या में पहुंचेगा कांग्रेस का काफिला
डॉ. जयपाल ने कहा कि अजमेर शहर कांग्रेस इस प्रदर्शन को लेकर पूरी तरह तैयार है। अजमेर से सोमवार सुबह 8 बजे 50 चौपहिया वाहनों से जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों नवनिर्वाचित पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, वार्ड अध्यक्षों, अग्रिम संगठनों एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्षों तथा कार्यकर्ताओं सहित 300 से ज्यादा कांग्रेसी कार्यकर्ता जयपुर शहीद स्मारक पहुंचेंगे जहां से प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ हजारों लोग राज्य निर्वाचन कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मत और मतदाता के अधिकारों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
डॉ. जयपाल ने अजमेर शहर कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 28 सितंबर को जयपुर पहुंचकर प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved