Post Views 01
September 19, 2026
अजमेर के क्लॉक टॉवर थाना अंतर्गत अधिवक्ता के घर लाखों की चोरी का खुलासा, पश्चिम बंगाल का शातिर आरोपी गिरफ्तार
अजमेर। क्लॉक टावर थाना पुलिस ने अधिवक्ता के घर हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 7 लाख 69 हजार 870 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद राशि चोरी की गई नकदी की शत-प्रतिशत रिकवरी है।
खुलासा करते हुए एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ ने बताया कि 8 सितंबर को सुबह करीब 9:30 से 10:30 बजे के बीच अधिवक्ता विक्रम मल्होत्रा के घर से अज्ञात बदमाश लाखों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद क्लॉक टावर थाने में मुकदमा संख्या 153 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
वारदात की गंभीरता को देखते हुए सीओ मनीष बड़गुर्जर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। क्लॉक टावर थाना पुलिस ने तकनीकी और अन्य स्तरों पर जांच करते हुए पश्चिम बंगाल निवासी आरोपी जुबेर पुत्र समरूप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर नकबजन है और उसके खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। संभावित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved