Post Views 01
September 8, 2026
मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित
अजमेर, 8 सितम्बर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र अजमेर उत्तर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्वीप टीम द्वारा विभिन्न रचनात्मक एवं अभिनव गतिविधियों के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में एसपी कार्यालय के सामने सोफिया कॉलेज की छात्राओं द्वारा आकर्षक लोकतंत्र की रंगोली बनाई गई। रंग-बिरंगे रंगों से सजी इस रंगोली के माध्यम से लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका और मतदान के महत्व का प्रभावी संदेश दिया गया।एडीएम (प्रशासन) डॉ. अभिषेक गोयल, एडीएम (शहर) प्रवीण कुमार, तहसीलदार पूजा यादव एवं शिवचरण चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस मतदाता जागरूकता गतिविधि में स्वीप टीम की गरिमा अग्रवाल एवं रितु चौहान ने सक्रिय भूमिका निभाई। सोफिया कॉलेज की छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से रंगोली में मेरा वोट, मेरी ताकत और शत प्रतिशत मतदान हमारा अभिमान जैसे संदेशों को उकेरा।
रंगोली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति नागरिकों की आवाज और उनके मताधिकार में निहित है। प्रत्येक मतदाता का एक वोट लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर एडीएम (शहर) प्रवीण कुमार ने सोफिया कॉलेज की छात्राओं को मतदान अवश्य करने के लिए प्रोत्साहित किया तथा उनके साथ मतदाता जागरूकता के नारे भी लगवाए। एडीएम (प्रशासन) डॉ. अभिषेक गोयल ने नागरिकों से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं, स्वयं मतदान करें और अपने परिवार, मित्रों एवं अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। लोकतंत्र के रंग तभी पूर्ण होंगे, जब प्रत्येक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा।
स्वीप टीम की गरिमा अग्रवाल एवं रितु चौहान ने बताया कि इन गतिविधियों का उद्देश्य नागरिकों में मेरा वोट, मेरी जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा अजमेर उत्तर क्षेत्र में प्रत्येक पात्र मतदाता की मतदान में भागीदारी सुनिश्चित करना है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved