Post Views 01
September 3, 2026
जयपुर। बजाज नगर थाना पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में दुकानदार को बातों में उलझाकर सोने के आभूषण चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी राजू उर्फ पूजा किन्नर (50) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब के जालंधर का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने के टॉप्स और सोने की अंगूठी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार आरोपी ज्वेलरी दुकानों पर पहुंचकर दुकानदार को बातचीत और आभूषण दिखाने में उलझाता था और मौका मिलते ही कीमती सामान चोरी कर लेता था। पुलिस अब उससे इसी तरह की अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
19 अगस्त को ज्वेलरी शॉप पर पहुंचा था आरोपी
डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा के अनुसार सिद्धार्थ नगर निवासी रामरज गोयल (60) ने 31 अगस्त को बजाज नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी बी-63, प्रगति पथ, बजाज नगर में सरयू ज्वेलर्स नाम से ज्वेलरी की दुकान है। रिपोर्ट के मुताबिक 19 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे आरोपी एक महिला के साथ दुकान पर पहुंचा। उसने दुकानदार से गिफ्ट देने के लिए 11 जोड़ी पायल दिखाने को कहा। पायल पसंद करने के बाद उसने दो जोड़ी टॉप्स दिखाने को कहा और फिर एक लेडीज अंगूठी भी पसंद की। जब दुकानदार ने भुगतान करने के लिए कहा तो आरोपी ने बताया कि उसके पास नकद रुपये नहीं हैं और वह घर से पैसे लेकर आता है। इसके बाद वह दुकान से बाहर चला गया, जबकि उसके साथ आई महिला वहीं बैठी रही।
सामान संभाला तो गायब मिले सोने के टॉप्स और अंगूठी
कुछ देर बाद दुकानदार ने ज्वेलरी संभाली तो एक जोड़ी सोने के टॉप्स और एक सोने की अंगूठी गायब मिली। दुकानदार ने दुकान पर मौजूद महिला से आरोपी के बारे में पूछा। महिला ने बताया कि वह उसे केवल दो दिन से जानती है और उसे आरोपी के घर या पते की कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और बजाज नगर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
वारदात के खुलासे के लिए बजाज नगर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिस ने ज्वेलरी शॉप के साथ आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और लगातार तलाश के बाद आरोपी राजू उर्फ पूजा किन्नर को गिरफ्तार कर लिया।
किन्नर का वेश धरकर दुकान पहुंचने की बात आई सामने
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी किन्नर का वेश धारण कर ज्वेलरी की दुकानों पर पहुंचता था। पुलिस के मुताबिक इस तरह वह दुकानदारों को बातों में उलझाकर आभूषण दिखाने को कहता और मौका देखकर कीमती सामान चोरी कर लेता था। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने इसी तरीके से जयपुर या अन्य शहरों में और कितनी वारदातें की हैं।
चोरी का 100 प्रतिशत माल बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से इस मामले में चोरी किए गए सोने के टॉप्स और सोने की अंगूठी सहित पूरा माल बरामद कर लिया है। आरोपी से उसके संपर्कों और अन्य संभावित वारदातों को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तरह की घटनाओं में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल रहे हैं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved