Post Views 41
August 19, 2026
दरगाह के आसपास नशेड़ियों का आतंक,गेट नंबर 10 पर खानाबदोश नशेड़ी ने मचाया उत्पात,पुलिस और गार्ड पर किया हमला
अजमेर शरीफ दरगाह इलाके में नशेड़ियों की दहशत अब इस कदर बढ़ गई है की दरगाह और उसके आसपास रहने वालों का जीना दुश्वार हो गया है। जिसका सबूत सोशल मीडिया पर गर्दिश करता गुजिश्ता शब का एक वीडियो है। जिसमे एक नशेड़ी ने दरगाह के 10 नंबर गेट पर इस कदर हंगामा और मारपीट मचाई की पुलिस सिक्योरिटी गार्ड पर हमला करना शुरू कर दिया। यहां तक की 10 नंबर गेट पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस सिपाही ने उसे दरगाह में दाखिल होने पर रोका तो उसने सिपाही को भी नहीं बख्शा और उस पर भी हमला कर दिया। मौके पर दरगाह कमेटी और पुलिस के तैनात जवानों पर इस नशेड़ी ने हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया। इस दरमियान मौके पर मौजूद लोगों ने इस नशेड़ी को पकड़ा और लात घूंसों से पिटाई दिया, जिससे वह भी जख्मी हो गया। नग्गे जिस्म ये नशेड़ी शख्स दरगाह में घुसने की पूरी कोशिश करता रहा, यहां तक कि शाहज़ानि मस्जिद के किनारे भी पहुंच गया। मौके की नज़ाकत और ज़ायरीन की हिफाज़त को देखते हुए नशेड़ी शख्स को गेट से वापस लौटा दिया गया। लेकिन जाते जाते पुलिसकर्मी, दरगाह कमेटी के चपड़ासी और लीजेंड सिक्योरिटी गार्ड को भी धमकी दे गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि काफी देर तक चले इस हंगामा मारपीट और लात घुसो से माहौल गरमा गया। इस पूरे हंगामे का वीडियो मौके पर मौजूद चश्मदीद लोगो ने अपने मोबाइल में कैद कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। ग़ौरतलब है कि आलमी मशहूर अजमेर शरीफ दरगाह पर दुनिया भर से ज़ायरीन अमन सुकून हासिल करने पहुंचते हैं, लेकिन ऐसे में खानाबदोश और नशेड़ियों के दरगाह के आसपास डेरा डालने और जमावड़े से इस तरह के शर्मनाक मामले अक्सर सामने आते है। आलम तो अब ये हो गया है की हर रोज भिखारी,खानाबदोश और नशेड़ियों के झगड़े आम हो गए है। देखने वाली बात यह है की दरगाह के आसपास नशेड़ियों की बढ़ती दहशत, चोरी,जेबतराशी गाली गलौच तक सीमित नही रही बल्कि अब खुन खराबा,चाकू छुरी तक पहुंच गई है। मकामियो के मुताबिक़ इन सब की वजह दरगाह इलाके में खुले आम चल रहे नशे का कारोबार है। यही वजह है कि नशेड़ियों पर पुलिस की अनदेखी इस बार उन्हें पर हावी होती नजर आई है। जहां दरगाह के 10 नंबर गेट पर तैनात पुलिस के सिपाहियों पर ही नशेड़ी ने हमला कर दिया। फिलहाल इस नशेड़ी को गेट नंबर 10 से वापस बाहर कर दिया गया, लेकिन जाते-जाते पुलिस कर्मी और दरगाह कमेटी के कर्मचारियों को बाद में देख लेने की धमकी भी दे गया। बताते चले कि दरगाह इलाक़ा और गेट नम्बर 10 के आस पास नशे का कारोबार खुले आम चलता है,ऐसे में अगर अब भी पुलिस नींद से नही जागी और नशेड़ियों के खिलाफ कोई कार्यवाही अमल में नही लाई गई,तो आगे बड़ी वारदातों से भी अंजान नही रहा जा सकता।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved