Post Views 31
August 19, 2026
सहकारिता विभाग के अधीन संचालित रहवासी आश्रम में एक युवक ने दूसरे युवक पर सरिए से हमला कर ली जान,पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में, सिविल लाइंस थाना पुलिस कर रही है अनुसंधान
अजमेर में सहकारिता विभाग के अधीन संचालित आश्रम में मंगलवार देर रात एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आश्रम में ही रहने वाले 20 साल के लड़के को हिरासत में लिया है। सिविल लाइंस थाना पुलिस बुधवार सुबह आश्रम पहुंची और विभिन्न जांच एजेंसियों के साथ घटना स्थल का मौका-मुआयना किया।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया कि कायड़ रोड स्थित जय अंबे पार्क कॉलोनी में सहकारिता विभाग के अधीन आश्रम संचालित होता है। जहां मानसिक रूप से कमजोर खानाबदोश और गूंगे बहरे निराश्रित लोगों को यहां आश्रय दिया जाता है। अभी आश्रम में 17 पुरुष और एक महिला रह रहें हैं। मंगलवार रात करीब 1 से 2 बजे के बीच आश्रम में रहने वाले 20 साल के आमीन ने अपने 40 साल के साथी हुंकार के सिर पर लोहे के सरिये से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। आश्रम के लोग घायल को तुरंत जेएलएन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी शंभू सिंह ने बताया कि आश्रम के मैनेजर पारस मेघवाल की ओर से मामले में रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह एफएसएल और एमओबी टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सरिया से हमला किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी ने किस वजह से हमला किया और हत्या के पीछे क्या विवाद था, इसे लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मामले में अनुसंधान और जांच जारी है।
Satyam Diagnostic Centre
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved