Post Views 01
August 15, 2026
पुलिस लाइन ग्राउंड में हर्षोंल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया ध्वजारोहण
अजमेर। भारत के 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अजमेर पुलिस लाइन ग्राउंड में देशभक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् के साथ हुई। इसके बाद राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात अजमेर पुलिस बैंड की मधुर धुन के बीच राष्ट्रगान हुआ, जिसमें पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
समारोह के दौरान डीवाईएसपी गोमाराम ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से परेड निरीक्षण की अनुमति ली। अनुमति मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद विभिन्न परेड प्लाटून ने अनुशासित अंदाज में उपमुख्यमंत्री को सलामी दी। परेड के बाद विभिन्न स्कूलों के बैंड दलों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में देशभक्ति का रंग भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल के संदेश का वाचन किया गया। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-
कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं तथा वीर शहीदों के परिवारों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के साथ दक्षिण विधायक अनीता भदेल, भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाणा, देहात अध्यक्ष,संभागीय आयुक्त,रेंज IG, जिला पुलिस कप्तान,सहित प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और जवान मौजूद रहे। पूरे समारोह के दौरान पुलिस लाइन ग्राउंड देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय ध्वज की शान से सराबोर नजर आया।
समारोह के बाद जब उपमुख्यमंत्री अपनी कार में बैठी और उन्होंने मीडिया से संवाद किया तो इस दौरान चलती बाइट के बीच क्लॉक टावर थाना अधिकारी भीकाराम काला ने मीडिया के माइक को जबरन हटा दिया जिसे लेकर मीडिया कर्मियों ने विरोध भी दर्ज कराया और मामले की शिकायत आईजी से की।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved