Post Views 01
August 7, 2026
सड़क नहीं बनी तो वोट नहीं देंगे! आम के तालाब क्षेत्रवासियों का नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन
अजमेर। आम के तालाब क्षेत्र में सड़क, जलभराव और सफाई की समस्याओं को लेकर क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि पहले सड़क बनाओ, उसके बाद ही वोट मांगने आना।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि सड़क निर्माण का बजट करीब दो साल पहले ही स्वीकृत हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद आज तक सड़क का निर्माण नहीं कराया गया। बारिश के दौरान सड़क पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे आमजन के साथ दिव्यांगों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने सफाई व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र में कचरा उठाने वाली नगर निगम की गाड़ी नियमित रूप से नहीं आती, जबकि कचरा संग्रहण शुल्क वसूलने के लिए कर्मचारी समय पर पहुंच जाते हैं।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासियों ने नगर निगम कार्यालय के किनारे बैनर लगाकर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी। लोगों ने कहा कि यदि सड़क का निर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ तो आगामी नगर निगम चुनाव में कांग्रेस, बीजेपी समेत किसी भी राजनीतिक दल को वोट नहीं दिया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कराने और जलभराव व सफाई की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved