Post Views 01
July 22, 2026
अजमेर की ऐतिहासिक आनासागर झील की दुर्दशा, झील में फैली गंदगी और जलस्तर कम करने हुई हजारों मछलियों की मौत को लेकर अजमेर शहर जिला कांग्रेस पार्टी द्वारा गुरुवार 23 जुलाई को अजमेर बंद का आह्वान किया गया है। बंद सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। इस दौरान अस्पताल, मेडिकल स्टोर और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है।
बुधवार को बंद को सफल बनाने के लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल और पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर के नेतृत्व में शहर में एक वाहन रैली निकाली गई। रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आमजन से संपर्क कर बंद में सहयोग ओर समर्थन की अपील की। इस दौरान आनासागर झील को बचाने और शहर की समस्याओं के समाधान को लेकर लोगों से एकजुट होने का भी आह्वान किया गया।
कांग्रेस शहर अध्यक्ष डॉ राजकुमार जयपाल ने कहा कि ऐतिहासिक आनासागर झील लगातार प्रदूषण और बदहाल व्यवस्थाओं का शिकार हो रही है। झील में गंदगी, दुर्गंध और मछलियों की मौत जैसे मामलों को लेकर कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसी के विरोध में अजमेर बंद का निर्णय लिया गया है।वाहन रैली में कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौर, महेंद्र सिंह रलावता, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी कोली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने शहरवासियों से गुरुवार के बंद को सफल बनाने और आनासागर झील के संरक्षण में सहयोग की अपील भी की।
इस दौरान नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीति हम नहीं राजनीति भाजपा कर रही है। हमारे बंद का ऐलान करते ही उन्होंने श्रमदान के लिए प्रेस वार्ता आयोजित कर ली जबकि वह चाहते तो पहले ही श्रमदान करते जब हजारों की तादाद में मछलियां झील में मर गई लेकिन तब कोई श्रमदान के लिए नहीं आया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved