Post Views 81
July 21, 2026
भाजपा ने कांग्रेस के चुनावी पासे को पलटा,शहर कांग्रेस ने आनासागर की दुर्दशा के खिलाफ 23 जुलाई को ’अजमेर बंद’ का आह्वान किया, जबकि भाजपा आनासागर की सफाई के लिए 22 जुलाई से त्रि दिवसीय सफाई अभियान शुरू करने का ऐलान किया।
आगमी समय में होने वाले नगर निगम चुनाव को देखते हुए अपनी जमीन तैयार करने के लिए जहां कांग्रेस ने आनासागर झील की दुर्दशा को मोहरा बना करअजमेर बंद का पासा चला तो वहीं भाजपा सकारात्मक और रचनात्मक कार्य से इसका जवाब देने की तैयारी कर ली है।
कांग्रेस द्वारा आनासागर की दुर्दशा के नाम पर 23 जुलाई को आहूत ’अजमेर बंद’ का सीधा विरोध करने की बजाय भाजपा ने इसका जवाब रचनात्मक कार्य से देने का निर्णय लिया है।
यदि भाजपा किसी भी तरह का विरोध करती है, तो यह निकट भविष्य में होने वाले नगर निगम चुनाव में उसके लिए ’’अपने पैरों पर कुल्हाड़ी मारना’’ होगा। संभवतः यही सोचकर भाजपा ने आनासागर में सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया होगा।
कांग्रेस भी चाहती, तो ऐसा ही कर सकती थी और जितनी ताकत अजमेर बंद कराने में लगा रही है, उतनी ताकत आनासागर की सफाई की शुरूआत करने में लगाती, तो शायद शहरवासी भी सक्रियता से उसमें भागीदारी निभाते।
भारतीय जनता पार्टी शहर जिला द्वारा मंगलवार को एक निजी होटल में प्रेस वार्ता आयोजित कर बताया गया कि अजमेर बंद करने से समस्या कल नहीं होगा बल्कि गरीब और मजदूर वर्ग के लिए समस्या और खड़ी होगी।
शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने कहा कि
कोई भी शहर बंद कराया जाता है, तो जनता को काफी परेशानी होती है। ’’रोज कुआं खोदने-रोज पानी पीने’’ वालों के सामने ’’दो वक्त की रोटी’’ का संकट पैदा हो जाता है।
शहर भाजपा की ओर से आनासागर झील की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए विशेष अभियान 22 जुलाई से 24 जुलाई तक चलाया जाएगा। इस दौरान व्यापक स्तर पर श्रमदान से सफाई कार्य किया जाएगा। इसमें जिला प्रशासन, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं तथा शहरवासी सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्तमान में आनासागर झील में जल स्तर कम होने के कारण मृत मछलियों की दुर्गंध एवं आनासागर झील में आए कचरे को साफ करना है। आनासागर झील की स्वच्छता, उसका संरक्षण अजमेर के नागरिक होने के नाते हमारा दायित्व है। भाजपानीत सरकार एवं संगठन इसके लिए प्रतिबद्ध होकर केवल इसको चुनावी मुद्दा नहीं बनाएंगे, बल्कि धरातल पर स्वयं के प्रयास एवं नागरिकों की सहभागिता से इसकी सफाई के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्व में भी भाजपानीत राजस्थान सरकार के माध्यम से वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत शहर के नागरिकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा श्रमदान करते हुए इस झील को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया था।सोनी का कहना है कि चूंकि सफाई निरंतर व्यवस्था है, इसके लिए वर्तमान में जल संरक्षण जन सहभागिता अभियान के माध्यम से इसकी सफाई का कार्यक्रम सुनिश्चित कर जनता को जल संरक्षण एवं झील की स्वच्छता के लिए प्रेरित करना है। सोनी ने शहर के सभी स्वयंसेवी संगठन, आम नागरिक, सभी गैर सरकारी संगठन एवं मीडिया हाउस से आग्रह किया है कि आनासागर की स्वच्छता के लिए इस सकारात्मक प्रयास में सहभागिता निभाएं।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved