Post Views 71
July 21, 2026
अजमेर में कथा वाचक किरीट भाई सोमैया द्वारा जवाहर रंगमंच पर गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष में आयोजित कथा के बीच खाटूश्याम बाबा पर की गई तथ्यहीन टिप्पणी का वीडियो वायरल होने के बाद श्याम भक्त आक्रोशित होकर मानसिंह होटल पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर हंगामा करने लगे।
विवाद बढ़ता देख होटल प्रशासन की सूचना पर कृष्ण गंज थाना पुलिस का जाप्ता मौके पर पहुंच गया।
काफी देर तक चले हंगामा के बाद श्याम प्रेमियों के प्रतिनिधिमंडल ने होटल के कमरे में किरीट भाई से बात की तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए उनसे माफी मांग ली लेकिन श्याम भक्त इससे संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने बाहर आकर सभी श्याम प्रेमियों से सार्वजनिक माफी की मांग कर डाली।
इसके बाद किरीट भाई ने होटल के बाहर सभी लोगों से माफी मांगी और अज्ञानतावश की गई गलती स्वीकार करते हुए माफी मांग कर जयपुर के लिए निकल गए। उन्होंने यह भी कहा कि वह श्याम बाबा के दरबार में जाकर भी माफी मांगेंगे। दरअसल, मंगलवार को महंत किरीट अजमेर के जवाहर रंगमंच में कथा वाचन कर रहे थे। इस दौरान किरिट भाई ने खाटूश्याम बाबा पर अभद्र टिप्पणी की। इसके साथ कहा- मैं एक सदगुरु हूं और मेरा काम है सत्य की राह बताना। किरिट भाई ने कहा कि किसी की भावना को आहत करना और खंडन करना मेरी भावना नहीं है। न ही कभी होगी। किसी भी तरह से किसी को कोई ठेस पहुंचे, ऐसी कोई मंशा नहीं थी। किसी को दुख हुआ हो तो माफी चाहता हूं। अज्ञातवश कुछ मुंह से निकल गया तो भी माफ करें ।
श्याम प्रेमी भजन गायक विमल गर्ग ने कहा कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान किरिट भाई ने प्रवचन के दौरान तीन मिनट तक श्याम बाबा के बारे में अनर्गल टिप्पणी की थी इससे सभी भक्तों की भावनाएं आहत हुई।
किसी भी संत महंत को सार्वजनिक रूप से कोई कथा प्रवचन करते समय पूर्ण जानकारी के साथ अपनी बात कहनी चाहिए अन्यथा इस तरह के आक्रोश और विरोध का सामना भविष्य में भी करना पड़ेगा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved