Post Views 01
August 7, 2026
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने राधा गोविंद राजकीय महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं से जाति-धर्म से ऊपर उठकर जनप्रतिनिधि चुनने की अपील
जयपुर। श्री राधा गोविंद राजकीय महाविद्यालय, कंवर नगर, ब्रह्मपुरी में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता अभियान के तहत युवा मतदाता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान की ओर से आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवा मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व और मतदाता के अधिकार एवं दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
युवाओं की भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं अध्यक्ष राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने युवाओं से निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने तथा अन्य नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। राजेश्वर सिंह ने कहा कि जब युवाओं में राष्ट्रीय चेतना का भाव मजबूत होगा, तभी सुदृढ़ लोकतंत्र का निर्माण संभव होगा।
व्यक्तित्व, कृतित्व और चरित्र देखकर करें मतदान
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि आने वाले चुनावों में युवा अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों का चुनाव करते समय उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और चरित्र को ध्यान में रखें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिनिधियों को चुना जाना चाहिए, जो लोक कल्याण और विकासोन्मुख कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध हों।
जाति-धर्म से ऊपर उठकर प्रतिनिधि चुनने की अपील
राजेश्वर सिंह ने युवाओं से अपील की कि वे जनप्रतिनिधियों का चयन जाति या धर्म के आधार पर न करें। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में मतदाताओं को ऐसे कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों को चुनना चाहिए, जो समाजसेवी और लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।
प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने पूछे अहम सवाल
कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी किया।छात्र-छात्राओं ने निर्वाचन आयोग के गठन, उसके कार्य और भूमिका, लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी, चुनावी खर्च, उम्मीदवारों की शिक्षा एवं उम्र, छात्रसंघ चुनाव, जातिवाद और परिवारवाद जैसे विषयों पर सवाल किए।
आयुक्त ने विद्यार्थियों के सवालों का सरल भाषा में जवाब दिया और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
मतदाता जागरूकता गतिविधियों की दी जानकारी
महाविद्यालय निर्वाचन साक्षरता क्लब की प्रभारी प्रोफेसर नीलम शर्मा ने महाविद्यालय में आयोजित होने वाली मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पोस्टर प्रतियोगिता, मतदाता जागरूकता स्लोगन और रंगोली सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर लोकेश शर्मा ने आयोजन में सहयोग करने वाले कर्मचारियों का धन्यवाद किया और राज्य निर्वाचन आयुक्त का आभार व्यक्त किया।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved