Post Views 41
July 2, 2026
जिला कलक्टर ने ली समीक्षा बैठक
अजमेर, 2 जुलाई। जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु के द्वारा गुरूवार को ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों सहित विभिन्न विषयों पर समीक्षा बैठक ली गई।
जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की राजस्थान यात्रा के समय रोजगार उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसका सीधा प्रसारण ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर होगा। इस संबंध में उपखण्ड अधिकारी अपने क्षेत्र की समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे। इसमें अधिकतम जनसहभागिता रहे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। यह कार्यक्रम शनिवार, 4 जुलाई को जवाहर रंगमंच में प्रातः 10.30 बजे से होगा। इसके लिए अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट श्री नरेन्द्र कुमार मीणा को प्रभारी अधिकारी तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री गोविन्द नारायण शर्मा एवं रोजगार विभाग के उप निदेशक श्री मधुसूदन जोशी को सहायक प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने कहा कि कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के लिए प्रवासी राजस्थानियों को जोड़कर रिचार्ज संरचनाएं निर्मित करें। इसके साथ-साथ जल भराव वाले क्षेत्रों से जल निकासी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। इन कार्यों की पोर्टल पर एन्ट्री सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के लाभार्थियों के मोबाईल नम्बर के साथ ऑनलाईन अपडेट करें। अतिक्रमण के प्रकरण पहले से चिन्हित कर शिविर अवधि में हटाए। सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों को शिविर से पहले ही निस्तारित किया जाना चाहिए। राजस्व न्यायालयों से संबंधित कार्य भी पूर्ण हो। राजकीय भूमि पर आदतन अतिक्रमण करने वाले व्यक्तियों के प्रकरण बनाकर कार्यवाही की जाए। रास्ते संबंधी प्रकरण प्री-कैम्प में निपटाने का प्रयास किया जाएं।
उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं की क्रियान्विति की लगातार मॉनिटरिंग की जाए। जल स्त्रोतों की निगरानी रखें। सड़क मरम्मत एवं जल भराव रोकने के कार्य प्राथमिकता से किया जाए। ऑनलाईन प्राप्त आवेदनों की पेंडेंसी शून्य होनी चाहिए। आबादी विस्तार के प्रस्ताव जिला मुख्यालय को भिजवाएं। घुमंतु एवं अर्द्ध धुमंतु व्यक्तियों के लिए आवास के प्रस्ताव भी भेजे जाने चाहिए। इसके साथ-साथ खेल मैदान, विद्यालय एवं राजकीय प्रयोजनार्थ भूमि आवंटन के प्रस्ताव भी भेजें।
उन्होंने कहा कि राजीविका के स्वयं सहायता समूहों का लक्ष्यानुरूप गठन करें। इनके खाते खुलवाने की कार्यवाही भी शिविर अवधि के दौरान ही हो। आवास सहायक के रूप में नियुक्त स्वंय सहायता समूह सदस्यों की एन्ट्री पोर्टल पर करवाएं। वन भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के आवेदनों को निस्तारित किया जाए। प्री-कैम्प में अधिकतम प्रकरण निस्तारित होने चाहिए। आवश्यकता होने पर फोलोअप कैम्प भी लगाएं।
उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों में विभिन्न पेरामीटर्स में प्रगति बढ़ाने की आवश्यकता है। कार्य नहीं करने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। ऑनलाईन आवेदनों को शिविर अवधि के दौरान निस्तारित किया जाना चाहिए। सड़क मरम्मत, सीवरेज एवं नाली मरम्मत के कार्य प्राथमिकता से किए जाने चाहिए। सावर एवं टांटोंटी नगर पालिका को तेजी से कार्य करने की आवश्यकता है। शिविरों में किए जा सकने वाले कार्यों के संबंध में जागरूकता बढ़ाएं।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री रामप्रकाश, प्रशिक्षु आईएएस श्री अर्णव आनन्द गुप्ता, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल, श्रीमती वंदना खोरवाल एवं श्री नरेन्द्र कुमार मीणा सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved