Post Views 31
July 1, 2026
देशभर से 160 से अधिक पदाधिकारी और प्रतिनिधि होंगे शामिल, सामाजिक सरोकारों और संगठन की आगामी कार्ययोजना पर होगा मंथन
जयपुर। ऑल इंडिया ब्राह्मण फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद एवं महासभा की बैठक और सम्मेलन आगामी 4 एवं 5 जुलाई 2026 को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। यह दो दिवसीय आयोजन राजधानी के तोतूका भवन में होगा। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस. डी. शर्मा की अध्यक्षता में होने वाले इस सम्मेलन में देशभर से 160 से अधिक राज्यों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होंगे।
फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव द्रोणम राजू रवि ने बताया कि बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही आगामी कार्ययोजना, सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों, ब्राह्मण समाज के सर्वांगीण विकास और राष्ट्रहित से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना तथा समाजहित के कार्यों को नई दिशा प्रदान करना है।
राष्ट्रीय संगठन महासचिव अश्विनी तिवारी और राष्ट्रीय समन्वयक रमेश ओझा ने बताया कि कार्यक्रम के पहले दिन 4 जुलाई को प्रतिनिधियों का पंजीकरण किया जाएगा। इसके बाद भगवान परशुराम को पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलन के साथ सम्मेलन का उद्घाटन होगा। उद्घाटन सत्र के बाद राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, महासभा की बैठक और समापन सत्र आयोजित किए जाएंगे।
सम्मेलन के दूसरे दिन 5 जुलाई को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आयोजित होगी। इसके बाद समापन सत्र और धन्यवाद ज्ञापन के साथ दो दिवसीय कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि अपने-अपने स्थानों के लिए प्रस्थान करेंगे।
आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था अमरपुरा गेस्ट हाउस में की गई है। आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पदम प्रकाश, हनुमान सहाय शर्मा, केदार शर्मा और धर्मेंद्र शर्मा को संपर्क अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जयपुर में होने वाली यह राष्ट्रीय बैठक संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें ब्राह्मण समाज से जुड़े सामाजिक, शैक्षिक, सांस्कृतिक और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की जाएगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved