Post Views 21
June 30, 2026
अजमेर। सनातन धर्म रक्षा संघ अजय मेरु राजस्थान की ओर से अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे को अजमेर रेलवे स्टेशन से श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना किया गया। संघ पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने यात्रियों को भगवा शॉल और माला पहनाकर बाबा बर्फानी के जयकारों के बीच जम्मू तवी एक्सप्रेस से यात्रा के लिए विदा किया।
अमरनाथ यात्रा का यह जत्था सबसे पहले जम्मू तवी एक्सप्रेस से कटरा पहुंचेगा। इसके बाद श्रद्धालु श्रीनगर होते हुए बालटाल पहुंचेंगे। वहां से 3 जुलाई को भारत सरकार द्वारा निर्धारित यात्रा दल के साथ बाबा बर्फानी अमरनाथ गुफा तक करीब 16 किलोमीटर पैदल यात्रा करेंगे।
16 सदस्यीय जत्था सुनील कुमार गौड़ के नेतृत्व में रवाना
अमरनाथ यात्रा के लिए 16 सदस्यीय जत्था सुनील कुमार गौड़ के नेतृत्व में रवाना हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे और 7 जुलाई को पुनः अजमेर लौटेंगे।
यात्रियों ने बताया कि बाबा बर्फानी के दर्शन के बाद अमरनाथ के पवित्र जल से पुष्कर सरोवर और अजमेर सहित आसपास के विभिन्न महादेव मंदिरों में जलाभिषेक किया जाएगा। इसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
बाबा बर्फानी के जयकारों से गूंजा रेलवे स्टेशन
अजमेर रेलवे स्टेशन पर यात्रा रवाना होने से पहले भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने “बाबा बर्फानी की जय” और “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाए। संघ के पदाधिकारियों ने यात्रियों को सुरक्षित और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
सनातन धर्म रक्षा संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा ने कहा कि अमरनाथ यात्रा सनातन आस्था और भक्ति का महत्वपूर्ण प्रतीक है। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हो रहे श्रद्धालुओं का सम्मान करना सभी के लिए गौरव की बात है।
पदाधिकारी और श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में सनातन धर्म रक्षा संघ के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा, उपाध्यक्ष इंजीनियर अशोक शर्मा, बृजेश गौड़, राम सिंह उदावत, महावीर कुमावत, राजकुमार चौरसिया सहित बड़ी संख्या में संघ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
संघ की ओर से सभी यात्रियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं और बाबा बर्फानी से प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved