Post Views 51
June 29, 2026
प्रेम विवाह के बाद जान का खतरा, नवविवाहित दंपती ने एसपी से मांगी सुरक्षा
अजमेर। प्रेम विवाह के बाद एक नवविवाहित दंपती ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग को लेकर सोमवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर गुहार लगाई। हरमड़ा किशनगढ़ निवासी रिंकू चौधरी और किशनगढ़ निवासी संदीप चौधरी ने एसपी को दिए परिवाद में बताया कि दोनों बचपन से एक-दूसरे को जानते थे और साथ में पढ़ाई भी की। कुछ समय पहले एक शादी समारोह में मुलाकात के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और सोशल मीडिया के जरिए संपर्क होने पर उनका प्रेम संबंध गहरा हो गया।
दंपती के अनुसार युवक के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार थे, लेकिन युवती के परिजनों ने विवाह का कड़ा विरोध किया। आरोप है कि युवती के साथ मारपीट की गई और उसे व उसके साथी को जान से मारने की धमकियां दी गईं। इसके बाद दोनों ने बालिग होने पर अपनी इच्छा से आर्य समाज में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कर लिया।
दंपती का कहना है कि शादी के बाद भी युवती के परिजन लगातार दबाव बना रहे हैं और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दे रहे हैं। उनका आरोप है कि उन्हें अपनी जान का खतरा है, इसलिए पुलिस से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved