Post Views 01
June 28, 2026
राजगढ़ धाम पर सात दिवसीय नशा मुक्त भारत महाअभियान का समापन
नशा मुक्ति जागरूकता हेतु नुक्कड़ नाटक व नशामुक्ति शपथ दिलाई
मसाणिया भैरव धाम राजगढ पर रविवारीय मेले में केंद्र एवं राज्य सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के आदेशानुसार जिला कलेक्टर अजमेर के निर्देशन पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग अजमेर के तथावधान में व भैरव धाम के मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज के सानिध्य में पिछले रविवार को आरंभ हुए सात दिवसीय नशा मुक्त भारत महाअभियान का समापन हुआ जिसके अन्तर्गत राजगढ़ ग्राम में भव्य रैली का आयोजन किया गया। रैली को चम्पालाल महाराज ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने चम्पालाल महाराज की प्रेरणा से प्रेरित होकर स्वैच्छा से नशा मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया। धाम के प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के संयुक्तनिदेशक जयप्रकाश चरण एवं उनकी टीम इस अवसर पर उपस्थित रहे। उसके बाद भैरव धाम राजगढ़ पर नशा मुक्ति हेतु अपना थिएटर संस्थान के योबी जार्ज के निर्देशन में नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया जिसमें कलाकार जुम्मा खान, सुधीर सैनी, शब्बीर, सलमान, पारस, राहुल ने प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रद्धालुओं को नशा मुक्ति हेतु प्रेरित किया। तत्पश्चात धाम पर उपस्थित लगभग आठ हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जनसैलाब में से करीब दो हजार श्रद्धालुओं ने नशे का त्याग कर जीवन में दोबारा नशा नहीं करने की शपथ ली। मंदिर प्रबंधन की ओर से राहुल सेन के द्वारा अतितिथयों का अभिनंदन कर स्वागत किया गया।
नशा नहीं शिक्षा अपनाओ, अपना और परिवार का भविष्य बचाओ - चम्पालाल महाराज
चम्पालाल जी महाराज ने धाम पर उपस्थित जनसैलाब को संबोधित करते हुए आशीर्वचन में कहा कि नशा तन को तोड़ता है, मन को मरोड़ता है, यह नशा नहीं विनाश है। नशा सिर्फ शरीर को नहीं, बल्कि परिवार, समाज और संस्कृति को भी खोखला कर देता है। जो मनुष्य नशा छोड़कर कर्तव्य और मानव सेवा का मार्ग अपनाता है, वही सच्चा जीवन जीता है। नशा नाश का मार्ग है, और सत्संग, सेवा व संयम ही सच्चा विकास है। आओ, भैरव बाबा की कृपा से आज हम सब मिलकर इस पवित्र धाम से नशा मुक्ति का दीप जलाएं और समाज को एक नई दिशा की ओर ले जाएं।
अनोखा व अनूठा धाम राजगढ़ भैरव धाम - जयप्रकाश चारण
सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक जयप्रकाश चरण ने श्रद्धालुओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि राजगढ़ भैरव धाम प्रदेश ही नहीं देश का सबसे अनूठा मन्दिर हैं। जहां एक तरफ राज्य व केन्द्र सरकार देशभर में विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रयासों से नशा मुक्ति अभियान चला रही है वहीं दूसरी तरफ धाम के मुख्य उपासक चम्पालाल महाराज पिछले कई दशकों से अपने स्तर पर नशा मुक्ति का जनजारण अभियान निरन्तर संचालित कर रहें हैं। धाम पर नशा त्याग का यह अनूठा प्रयास सामाजिक चेतना का प्रेरक उदाहरण बनकर अनेक लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। चारण ने यह भी कहा कि इतनी बड़ी रैली जिसमें देश प्रदेश के हजारों श्रद्धालु तेज गर्मी में भाग ले रहे हैं उनके चिकित्सा या पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं का अभाव देखा गया। तेज गर्मी के कारण श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ जाए या अधिक भीड़ के दबाव में कोई हादसा हो जाए तो सरकार व प्रशासन को राजगढ़ भैरव धाम पर अतिशीघ्र समुचित व्यवस्थाएं करवानी चाहिए।
प्रवक्ता अविनाश सेन ने बताया कि नशा मुक्ति रैली की व्यवस्था सम्भालने हेतु रमेश सेन, राहुल सेन, ताराचन्द सेन, कैलाश सेन, विष्णु सेन, कपिल सेन, यश, वेदान्श, मुकेश सेन, मिलन, भव्य, यवराज, वैभव, मिताली, वंशिका, राजू चावडा, दीपक बसीटा, सत्यनारायण सेन, सुनील मेहता आदि मौजूद थे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved