Post Views 31
June 27, 2026
अजमेर के बांदनवाड़ा टोल प्लाजा पर बवाल, ट्रक चालकों से मारपीट के आरोप के बाद तोड़फोड़, हाईवे पर लगा जाम
अजमेर जिले के बांदनवाड़ा टोल प्लाजा पर देर रात ट्रक चालकों और टोल कर्मचारियों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि टोल कर्मचारियों ने दो ट्रक चालकों के साथ मारपीट की थी। जिसके बाद मौके पर मौजूद अन्य चालकों में आक्रोश फैल गया।देखते ही देखते बड़ी संख्या में चालक एकत्रित हो गए और टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। आक्रोशित लोगों ने टोल केबिन के कांच तोड़ दिए तथा अंदर रखे कंप्यूटर सहित सीसीटीवी कैमरे वि अन्य उपकरणों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। इस दौरान राहगीरों ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। सूचना मिलते ही भिनाय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी लेने के साथ टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved