Post Views 51
June 27, 2026
राजीव कॉलोनी में नाली एवं सड़क निर्माण कार्य का शुभारम्भ
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी बोले प्रत्येक वार्ड तक विकास पहुंचाना हमारी प्राथमिकता, अजमेर बन रहा आधुनिक एवं विकसित शहर
अजमेर, 27 जून। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को वार्ड संख्या 73 स्थित राजीव कॉलोनी में विधायक कोष से स्वीकृत नाली एवं सड़क निर्माण कार्यों का विधिवत शुभारम्भ किया।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने आज वार्ड संख्या 73 की राजीव कॉलोनी में बालकिशन शर्मा के मकान से धनजी के मकान तक नाली एवं सड़क निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया। यह दोनों विकास कार्य विधायक कोष से 10 लाख रुपए की लागत से कराए जाएंगे। इन विकास कार्यों के पूर्ण होने पर क्षेत्र में जल निकासी, स्वच्छता तथा आवागमन की सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने निर्माण कार्यों का शुभारम्भ करते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से सड़क, नाली, पेयजल तथा विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की जीवनरेखा होती हैं। बेहतर सड़कें न केवल आवागमन को सुगम बनाती हैं, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक लोगों की पहुंच को भी सशक्त करती हैं। इसी प्रकार सुदृढ़ जल निकासी व्यवस्था से स्वच्छता में सुधार होता है तथा वर्षा ऋतु में जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलती है।
श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर शहर में समग्र विकास की सोच के साथ सड़क निर्माण एवं कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार किया गया है। वर्तमान में शहर में सैकड़ों करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जो भविष्य में अजमेर की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि अजमेर आज पर्यटन नगरी के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। शहर में भव्य प्रवेश द्वार, आधुनिक लाइब्रेरी, लैपर्ड सफारी, साइंस पार्क, आईटी पार्क सहित अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाएं आकार ले रही हैं। इन विकास कार्यों से अजमेर न केवल पर्यटन के क्षेत्र में बल्कि शिक्षा, चिकित्सा, सूचना प्रौद्योगिकी, रोजगार, आयुर्वेद एवं आधुनिक अधोसंरचना के क्षेत्र में भी एक प्रमुख केन्द्र के रूप में स्थापित हो रहा है।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री रचित कच्छावा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved