Post Views 01
June 28, 2026
साधु बनकर ठगी करने वाला सिख युवक गिरफ्तार, महिलाओं को बेसुध कर उड़ाता था गहने
अजमेर। अलवर गेट थाना पुलिस ने साधु का वेश धारण कर लोगों से धर्म के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पंजाब के जालंधर निवासी परविंदर सिंह के रूप में हुई है। आरोपी खुद को बाबा बताकर लोगों का विश्वास जीतता था और धार्मिक अनुष्ठान तथा चमत्कार का झांसा देकर ठगी की वारदातों को अंजाम देता था।
अलवर गेट थाने के एएसआई राजपाल सिंह के अनुसार, धोलाभाटा डुंगरिया निवासी मंजू सिंह ने थाने पर शिकायत दर्ज कराई शिकायत में बताया गया कि एक सिख युवक साधु के वेश में आया और घर में कोई जादू टोना बाधा बताकर आरोपी ने उन्हें खाने के लिए कोई वस्तु दी, जिसे खाने के बाद वह बेसुध हो गईं। इसका फायदा उठाकर आरोपी उनके गले से मंगलसूत्र और कानों की झुमकी लेकर मौके से फरार हो गया।
पीड़िता की शिकायत पर अलवर गेट थाना पुलिस ने धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी परविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसी रिमांड) पर भेजा गया है।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने अजमेर या अन्य जिलों में इसी तरह की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved