Post Views 01
June 28, 2026
पुष्कर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मंत्री सुरेश रावत ने सुनी ‘मन की बात’, आमजन की समस्याओं पर अधिकारियों को दिए निर्देश
तीर्थ नगरी पुष्कर में रविवार को पुष्कर विधायक एवं जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। कार्यक्रम का आयोजन आरटीडीसी होटल सरोवर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद मंत्री सुरेश रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों से संवाद करते हैं। इस कार्यक्रम में वे देश की छोटी-छोटी लेकिन महत्वपूर्ण बातों को देश और दुनिया के सामने रखते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार दिखने में छोटी लगने वाली बातें समाज के लिए बड़ा संदेश बन जाती हैं। देश की कला, संस्कृति, परंपरा, सामाजिक कार्यों और आमजन की प्रेरणादायी पहल को प्रधानमंत्री विशेष मंच देते हैं। रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के जरिए देश के करोड़ों लोगों को एक संवाद सूत्र में जोड़ने का काम किया है। हर बार इस कार्यक्रम से कोई न कोई नया संदेश मिलता है और समाज को सकारात्मक दिशा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने मंत्री सुरेश रावत के समक्ष विभिन्न जनसमस्याएं भी रखीं। इस पर मंत्री ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। सिविल डिफेंस इंचार्ज डॉ. कृष्ण गोपाल जाट के नेतृत्व में सिविल डिफेंस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पुष्कर सरोवर में श्रद्धालुओं को डूबने से बचाने के लिए स्थायी गोताखोरों की नियुक्ति की मांग रखी। मंत्री रावत ने इस मांग पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।वहीं पंडित कैलाश नाथ दाधीच ने गनाहेड़ा क्षेत्र में जलभराव की समस्या से मंत्री को अवगत कराया। इस पर भी मंत्री सुरेश रावत ने जल्द समाधान करवाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान पूर्व सभापति कमल पाठक, भाजपा देहात प्रवक्ता अरुण वैष्णव, भाजपा देहात कार्यालय मंत्री पुष्कर नारायण भाटी, पुष्कर भाजपा मंडल अध्यक्ष भुवनेश पाठक, नारायण शर्मा, रोहन बाकोलिया सहित भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved