Post Views 41
July 1, 2026
महिला सुरक्षा व अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने ली पुलिस अधिकारियों की बैठक
अजमेर। जिले में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे एक माह के विशेष अभियान के तहत बुधवार को पुलिस लाइन में जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सिटी सीओ सभी थाना प्रभारी सहित पुलिस उपाधीक्षक, तथा कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला कांस्टेबल मौजूद रहीं।
बैठक में एसपी ने शहर में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए सभी अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों से संबंधित प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उसका त्वरित निस्तारण किया जाए। कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला कांस्टेबलों को सलवार-सूट के स्थान पर नियमित पुलिस वर्दी में ड्यूटी करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उनकी पहचान स्पष्ट रहे और कार्रवाई अधिक प्रभावी हो सके।
इसके अलावा एसपी ने स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान एसपी ने पुलिस जवानों की समस्याएं भी सुनीं और उनका शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया।
Satyam Diagnostic Centre
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved