Post Views 01
July 2, 2026
भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान बोले—प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत की संकल्पना को साकार करेगी योजना
टोंक। जिले में विकसित भारत ग्रामीण रोजगार आजीविका गारंटी मिशन यानी वीबी-जीराम जी योजना का शुभारंभ गुरुवार को उपखंड टोंक की ग्राम पंचायत पराना में जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने योजना की शुरुआत करते हुए इसे ग्रामीण विकास, रोजगार और स्थायी संसाधन निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि वीबी-जीराम जी योजना के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के निर्माण कार्य करवाए जाएंगे और ग्रामीणों को 125 दिन का रोजगार उपलब्ध हो सकेगा।
चन्द्रवीर सिंह चौहान ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जनता का पैसा जनता के हित में उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने पिछले वर्षों में हुए विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत पराना में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष चन्द्रवीर सिंह चौहान ने लाभार्थियों को आवासीय पट्टे, मंगला पशु बीमा योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ प्रदान किए। उन्होंने ग्रामीणों को सेवा शिविरों का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और सरकारी योजनाओं को सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश कुमार मीना ने कहा कि वीबी-जीराम जी योजना के माध्यम से ग्रामीणों को 125 दिन का रोजगार मिलना संभव होगा। उन्होंने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों से अलग-अलग कार्यों के प्रस्ताव लिए जाएंगे और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रगति तथा संसाधन निर्माण के लिए कार्य करवाए जाएंगे।
राकेश कुमार मीना ने कहा कि यह योजना विकसित भारत और विकसित राजस्थान की संकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ-साथ स्थायी विकास कार्यों को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा पौधारोपण किया गया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी सौंपे गए। इसके बाद वीबी-जीराम जी योजना के केन्द्र और राज्य स्तरीय कार्यक्रमों का प्रसारण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित लोगों ने देखा।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सीमा खेतान, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललित कुमार, विकास अधिकारी सविता राठौड़, नायब तहसीलदार पूजा अटल, मंडल अध्यक्ष धर्मराज गुर्जर, बद्री जाट, राम लखन जाट सहित पार्टी कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved