Post Views 41
June 14, 2026
अजमेर में सूने मकान से डेढ़ लाख नकद व जेवरात चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश
अजमेर। शहर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित घूघरा के वीर तेजा नगर में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और सोने चाँदी के जेवरात चोरी करले गए। वारदात के बाद आरोपी सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित मुकेश कुमार भाटी ने सिविल लाइंस थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि वह 12 जून को अपनी पत्नी को लेने गंगापुर सिटी (सवाई माधोपुर) गए हुए थे। अगले दिन सुबह पड़ोसी की पत्नी ने उनकी पत्नी को फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर उन्होंने अपने मित्रों को घर भेजा, जिन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से घर की स्थिति दिखाई। मकान के साइड गेट का ताला टूटा हुआ था और अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार चोर करीब दो तोला सोने की चेन, एक जोड़ी सोने की झुमकी, चार जोड़ी चांदी की पायजेब, बच्ची की दो जोड़ी पायजेब, चार चांदी की अंगूठियां, तीन चांदी के सिक्के करीब डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। आसपास की झाड़ियों में जेवरात के खाली डिब्बे और महत्वपूर्ण दस्तावेज पड़े मिले।
पड़ोसी के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध युवक वारदात के बाद जंगल की ओर भागते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved