Post Views 01
June 13, 2026
डिग्गी चौक हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
अजमेर। शहर के डिग्गी चौक क्षेत्र में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का कोतवाली थाना पुलिस ने मात्र 12 घंटे में खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू और एक अन्य हथियार भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 10 जून की रात बरकत नामक युवक अपने साथियों के साथ डिग्गी चौक से गुजर रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते आरोपी अजाम उर्फ आजम अंसारी ने उसे रोककर विवाद किया और चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बरकत को उसके साथी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कोतवाली थाने में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थानाधिकारी अनिल देव के नेतृत्व में गठित 10 से अधिक टीमों ने अभय कमांड सेंटर, बाजारों और निजी प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी सलमान उर्फ हरियल ने आजम को हथियार उपलब्ध कराया और हत्या के लिए उकसाया था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर एक अन्य धारदार हथियार बरामद किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।
© Copyright Horizonhind 2026. All rights reserved